Edited By Rohini Oberoi,Updated: 12 Jul, 2026 09:16 AM

उत्तर अमेरिका के सबसे सुरक्षित शहरों में गिने जाने वाले कनाडा के टोरंटो शहर से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। यहां शनिवार को एक मशहूर सांस्कृतिक उत्सव (फेस्टिवल) के आयोजन स्थल के पास अज्ञात हमलावरों ने अचानक अंधाधुंध गोलीबारी कर दी।...
Toronto Salsa Festival Shooting : उत्तर अमेरिका के सबसे सुरक्षित शहरों में गिने जाने वाले कनाडा के टोरंटो शहर से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। यहां शनिवार को एक मशहूर सांस्कृतिक उत्सव (फेस्टिवल) के आयोजन स्थल के पास अज्ञात हमलावरों ने अचानक अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस खौफनाक वारदात में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
वारदात के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल है और हमलावर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इस मौके पर टोरंटो पुलिस ने बताया कि 'सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट' और 'अर्लिंगटन एवेन्यू' के पास गोलीबारी की घटना के बाद छह लोग गोली लगने से घायल मिले। वहां 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' उत्सव आयोजित किया जा रहा था।
उसने बताया कि दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हैं। पुलिस अधिकारियों ने शुरुआत में लोगों से इस इलाके में नहीं जाने की अपील की थी लेकिन उसने बाद में कहा कि घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है हालांकि संदिग्ध या संदिग्धों को अभी पकड़ा नहीं गया है।

ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, साल्सा ऑन सेंट क्लेयर उत्सव में बेवजह हुई हिंसा की इस घटना से मैं बेहद दुखी हूं। इसमें दो लोगों की जान चली गई और अन्य लोग घायल हुए हैं। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।

टोरंटो कनाडा का सबसे बड़ा शहर है और इसे उत्तर अमेरिका के सबसे सुरक्षित बड़े शहरों में गिना जाता है। सार्वजनिक स्थानों पर कई लोगों को निशाना बनाकर की जाने वाली जानलेवा गोलीबारी की घटनाएं यहां अपेक्षाकृत कम होती हैं।