6 लोगों की मौत, 29 घायल... अचानक नेशनल हाइवे पर मच गई चीख पुकार

Edited By Updated: 21 Jun, 2026 05:55 PM

6 dead 29 injured sudden screams and chaos on the national highway

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में रविवार को एक बस के खड़े ट्रक से टकराने के कारण दो महिला और एक बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 29 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर उल्लादाबरी...

नेशनल डेस्क : पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में रविवार को एक बस के खड़े ट्रक से टकराने के कारण दो महिला और एक बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 29 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर उल्लादाबरी के पास हुआ।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की बस सुबह करीब 11:30 बजे सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सिलीगुड़ी के पंपा साहा और उनके 18 महीने के बेटे विवेक, जमुना रॉय (मैनागुड़ी), सजल सरकार (मैनागुड़ी), शुभंकर सिल (कूचबिहार) के रूप में हुई। एक व्यक्ति की अभी पहचान नहीं हो पाई है। अधिकारी ने बताया कि घायलों में 15 पुरुष, 12 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ''दुर्घटनास्थल से एक व्यक्ति को मृत अवस्था में मैनागुड़ी ग्रामीण अस्पताल लाया गया, जबकि अन्य पांच लोगों ने जलपाईगुड़ी सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।'' दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों को जलपाईगुड़ी सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर ही फंस गए, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू किया। जलपाईगुड़ी की पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी वीणापाणि ने कहा, "प्रथम दृष्टया प्रतिकूल मौसम और फिसलन भरी सड़क दुर्घटना का कारण हो सकते हैं, लेकिन वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर उल्लादाबरी जोराबाध क्षेत्र में हुई दुर्घटना से वह दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री अधिकारी ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार मृतकों और घायलों के परिजनों को मुआवजा देगी तथा घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी। उन्होंने कहा, ''इस भीषण दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। गंभीर रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को 50,000 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!