Edited By Parveen Kumar,Updated: 27 Jun, 2026 12:29 AM

झारखंड के तीन जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने से लोहरदगा जिले में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि लातेहार...
नेशनल डेस्क : झारखंड के तीन जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने से लोहरदगा जिले में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि लातेहार और कोडरमा जिलों में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई। अधिकारियों के अनुसार, लोहरदगा में अलग-अलग स्थानों पर दो महिलाओं की मौत हुई, जबकि छह अन्य लोग झुलस गए।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कुरू थाना क्षेत्र के सलगी गांव की घुरती उरांव (48) और बगरू थाना क्षेत्र के चरहू गांव की आसीदा खातून (40) के रूप में हुई है। कुरू के थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि उरांव अपने पति और बेटे के साथ खेत में काम कर रही थीं, तभी उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। उन्होंने कहा कि इस घटना में उनका पति और बेटा भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बगरू के थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि खातून गांव में बकरियां चरा रही थीं, तभी वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं।
पुलिस के अनुसार तिसिया नयाटोली में एक मकान में शरण लेने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं समेत चार लोग झुलस गए तथा उनका इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में जारी है। पुलिस के मुताबिक लातेहार जिले में बालूमाथ थाना क्षेत्र के पिंडराकोम गांव में 14 वर्षीय एक किशोरी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि कोडरमा थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में 26 वर्षीय सोनी कुमारी की बृहस्पतिवार को पेड़ के नीचे शरण लेने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 27 जून से अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।