Edited By Parveen Kumar,Updated: 07 Jul, 2026 08:28 PM

जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से मंगलवार को अमरनाथ यात्रा के लिए इस साल का अब तक का सबसे बड़ा जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना हुआ। इस जत्थे में 31 विदेशी नागरिकों सहित कुल 8,815 श्रद्धालु शामिल हैं। यात्रा के पहले चार दिनों में 3,880 मीटर की ऊंचाई...
नेशनल डेस्क : जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से मंगलवार को अमरनाथ यात्रा के लिए इस साल का अब तक का सबसे बड़ा जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना हुआ। इस जत्थे में 31 विदेशी नागरिकों सहित कुल 8,815 श्रद्धालु शामिल हैं। यात्रा के पहले चार दिनों में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में 93,000 से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि मंगलवार को यह संख्या एक लाख के पार पहुंच जाएगी।
इस बीच, यात्रा पूरी कर लौटी एक महिला श्रद्धालु ने व्यवस्थाओं की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें ऐसा आनंद मिला, जैसा किसी शादी में भी नहीं मिला। उनके अनुसार, खाने-पीने और ठहरने की सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध थीं और उन्हें केवल घोड़े की सवारी का खर्च उठाना पड़ा। महिला श्रद्धालु ने बताया कि यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई के बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कई शहरों में सफाई के लिए लोगों को पैसे खर्च करने पड़ते हैं, लेकिन यहां प्रशासन और श्रद्धालु मिलकर स्वच्छता का पूरा ध्यान रख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान हर जगह परिवार जैसा माहौल महसूस हुआ। लंगरों में श्रद्धालुओं के लिए कई तरह के स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने चंदनवाड़ी से घोड़े के जरिए यात्रा शुरू की और पूरे रास्ते उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। महिला श्रद्धालु ने कहा कि वह पिछले एक साल से इस यात्रा का इंतजार कर रही थीं। उन्होंने बाबा अमरनाथ से प्रार्थना की कि उन्हें बार-बार यात्रा करने का अवसर मिले। साथ ही उन्होंने इच्छा जताई कि अमरनाथ के दर्शन के बाद माता वैष्णो देवी के भी दर्शन करने जाएं।