Edited By Pardeep,Updated: 02 Oct, 2026 11:09 PM

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार अक्टूबर को तेलंगाना के दौरे पर आएंगे और मेडक जिले में साबर डेयरी परियोजना की आधारशिला रखेंगे तथा राज्य में अमूल द्वारा स्थापित पहले आधुनिक डेयरी संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह करीमनगर स्थित मेडिकल कॉलेज...
हैदराबादः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार अक्टूबर को तेलंगाना के दौरे पर आएंगे और मेडक जिले में साबर डेयरी परियोजना की आधारशिला रखेंगे तथा राज्य में अमूल द्वारा स्थापित पहले आधुनिक डेयरी संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह करीमनगर स्थित मेडिकल कॉलेज प्रतिमा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के रजत जयंती समारोह में शामिल होंगे।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर बताया कि डेयरी परियोजनाओं की स्थापना से तेलंगाना में डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। रेड्डी ने कहा कि राजग सरकार के पिछले 12 वर्षों के दौरान राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) ने तेलंगाना के लिए 1.16 लाख करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। उन्होंने बताया कि एनसीडीसी ने 2025-26 के खरीफ और रबी सत्र में धान खरीद के लिए 37,000 करोड़ रुपये जारी किए, जबकि 2026-27 के रबी सत्र के लिए 22,700 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। अकेले धान खरीद के लिए निगम ने 60,000 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
उन्होंने कहा कि हाल में पारित राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 से केवल पंजीकृत सहकारी समितियों के बजाय सहकारी क्षेत्र की किसी भी इकाई को वित्त पोषण मिल सकेगा, जिससे तेलंगाना को लाभ होगा। किशन रेड्डी के अनुसार, राज्य में करीब 50,000 सहकारी समितियां सक्रिय हैं, जिनके एक करोड़ सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत सहकारी क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेगा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने एक अक्टूबर को शाह के करीमनगर दौरे की तैयारियों का जायजा लिया।