UP Heatwave : बांदा और महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी 47.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म

Edited By Updated: 25 May, 2026 10:48 PM

banda in uttar pradesh and brahmapuri in maharashtra are the hottest at 47 6 de

देश के कई राज्यों में सोमवार को भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। उत्तर प्रदेश का बांदा जिला और महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी क्षेत्र 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश के सबसे गर्म स्थान रहे। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के...

नेशनल डेस्क : देश के कई राज्यों में सोमवार को भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। उत्तर प्रदेश का बांदा जिला और महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी क्षेत्र 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश के सबसे गर्म स्थान रहे। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के मानकों के अनुसार, मैदानी इलाकों में यदि अधिकतम तापमान 45 डिग्री से अधिक हो जाता है, तो उसे 'लू' घोषित किया जाता है, जबकि 47 डिग्री से ऊपर के तापमान को 'भीषण लू' की श्रेणी में रखा जाता है।

उत्तर प्रदेश के कम से कम छह शहर आईएमडी की उन स्थानों की सूची में शामिल हैं, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। बांदा में सर्वाधिक तापमान 47.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। इसके बाद झांसी में 46 डिग्री, उरई में 45.8 डिग्री, आगरा में 45.5 डिग्री, प्रयागराज में 45.4 डिग्री और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी दिन के समय लू की स्थिति बनी रहेगी। दोनों क्षेत्रों में रातें भी गर्म रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश सरकार ने पहले ही परामर्श जारी कर लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, हल्के कपड़े पहनने और मौसमी फलों व तरल पदार्थों के जरिए शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखने की सलाह दी है। महाराष्ट्र के लिए आईएमडी ने विदर्भ क्षेत्र में दो दिनों के लिए लू का अलर्ट और उसके बाद 28 मई तक 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। विदर्भ का ब्रह्मपुरी 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। क्षेत्र के अन्य शहरों में नागपुर में 46.5 डिग्री, गढ़चिरौली और भंडारा में 46.4 डिग्री, गोंदिया में 46.1 डिग्री, वर्धा और झांसी में 46 डिग्री और अकोला में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राजस्थान में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, कोटा 45.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। चित्तौड़गढ़ और श्रीगंगानगर में 45 डिग्री, पिलानी में 44.5 डिग्री, अलवर में 44.4 डिग्री, जैसलमेर में 44.3 डिग्री और बीकानेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा के सिरसा में तापमान 46.2 डिग्री और रोहतक में 45.2 डिग्री रहा। मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ओडिशा में भी सोमवार को भीषण गर्मी का असर बना रहा, जहां नौ शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया।

राज्य में बौध 45.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, जिसके बाद टिटलागढ़ में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य शहरों में भवानीपटना और नुआपाड़ा में 44.5 डिग्री, झारसुगुड़ा में 44.4 डिग्री, संबलपुर और बलांगीर में 44.2 डिग्री, हीराकुद में 43.2 डिग्री और सोनपुर में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मौसम विभाग ने संबलपुर, बलांगीर और बौध जिलों के लिए बुधवार तक 'रेड अलर्ट' जारी किया है, जबकि झारसुगुड़ा, सोनपुर, कालाहांडी और नुआपाड़ा के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है तथा कंधमाल और बरगढ़ के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास रहा, जहाँ रिज स्टेशन पर अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा, "अगले 4-5 दिनों के दौरान मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में तथा अगले 3-4 दिनों के दौरान पूर्वी और निकटवर्ती प्रायद्वीपीय भारत में भीषण लू की स्थिति बने रहने की संभावना है।" विभाग ने यह भी कहा कि 29 मई से अधिकतम तापमान में कमी आने और लू से राहत मिलने के आसार हैं। 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!