Edited By Sanjeev,Updated: 21 Oct, 2026 01:17 PM

इंदौर में कन्या भोज के लिए घर बुलाई गईं बच्चियों को 500 रुपए की चोरी के संदेह में बंधक बनाकर मारपीट के आरोप में एक सेवानिवृत्त शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इंदौर (मध्यप्रदेश) : इंदौर में कन्या भोज के लिए घर बुलाई गईं बच्चियों को 500 रुपए की चोरी के संदेह में बंधक बनाकर मारपीट के आरोप में एक सेवानिवृत्त शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि एमआईजी थाना क्षेत्र में रहने वाली सेवानिवृत्त शिक्षिका अनीता ने नवरात्रि पर कन्या भोज के लिए मंगलवार को आठ से 11 वर्ष की उम्र वाली सात बच्चियों को अपने घर बुलाया था। उन्होंने बताया कि एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कन्याभोज के दौरान 500 रुपए का लिफाफा गायब होने के बाद चोरी की शंका में बच्चियों के साथ मारपीट की गई और उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया।
दंडोतिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 127 (बंधक बनाना) और धारा 115 (मारपीट) के तहत मामला दर्ज करके जांच की जा रही है। उन्होंने बताया, 'CCTV फुटेज और घटनास्थल के आस-पास के स्वतंत्र गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।' चोरी की शंका में बच्चियों के कथित रूप से कपड़े उतारे जाने की खबरों पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने कहा कि इस तरह की कोई भी बात प्राथमिकी में दर्ज नहीं है।