Edited By Pardeep,Updated: 16 Feb, 2026 06:40 AM

देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। फरवरी का आधा महीना बीत चुका है, लेकिन कई जगहों पर मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। दिन में तेज धूप निकल रही है और लोगों ने हल्के कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। अगर यही हाल रहा तो सर्दियों के...
नेशनल डेस्कः देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। फरवरी का आधा महीना बीत चुका है, लेकिन कई जगहों पर मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। दिन में तेज धूप निकल रही है और लोगों ने हल्के कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। अगर यही हाल रहा तो सर्दियों के कपड़े जल्द ही अलमारी में रख दिए जाएंगे।
हालांकि, मौसम में अभी भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है। कहीं तेज गर्मी है तो कहीं बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 16 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बदलाव आ सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 16 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पश्चिम भारत और हिमालयी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में 16 फरवरी को आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन 18 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन बादल छाए रह सकते हैं। पूरे हफ्ते के दौरान 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अगर बारिश होती है तो तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है और ठंड की वापसी का अहसास हो सकता है।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी
16 फरवरी से पहाड़ी राज्यों में मौसम बदल सकता है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है। 17 और 18 फरवरी को यह गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। मध्यम से भारी बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ सकती है और यातायात प्रभावित हो सकता है।
यूपी, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी असर
17 और 18 फरवरी को दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इन राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने (बज्रपात) की भी आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यूपी और मध्य प्रदेश का मौसम
पश्चिमी विक्षोभ का असर 16 फरवरी से उत्तर प्रदेश में भी दिखाई दे सकता है। शाम के समय कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि राज्य के कई हिस्सों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव हो सकता है।
अंडमान-निकोबार में भी बारिश के आसार
इस दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश होने की संभावना है। समुद्री इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
क्या लौटेगी ठंड?
बारिश और बर्फबारी के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान गिर सकता है। इससे लोगों को एक बार फिर हल्की ठंड का अहसास हो सकता है। हालांकि यह बदलाव अस्थायी हो सकता है और उसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।