Edited By Ramanjot,Updated: 10 Feb, 2026 06:20 PM

उत्तर भारत में ठंड अब विदाई की ओर है, लेकिन मौसम अभी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 13 फरवरी से 17 फरवरी के बीच लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं,
नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में ठंड अब विदाई की ओर है, लेकिन मौसम अभी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 13 फरवरी से 17 फरवरी के बीच लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं, जिससे पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी राज्यों तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
इन पश्चिमी विक्षोभों के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानों में बढ़ेगा तापमान
जहां एक ओर हिमालयी राज्यों में ठंड का असर अभी कुछ दिन और बना रहेगा, वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में धीरे-धीरे तापमान बढ़ने के संकेत हैं। पूर्वी भारत के राज्यों जैसे बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि, सुबह और रात के समय कोहरा और धुंध लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
दिल्ली-NCR का मौसम कैसा रहेगा?
IMD के अनुसार राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 10 से 13 फरवरी तक मौसम ज्यादातर साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध छा सकती है। अधिकतम तापमान करीब 25°C, न्यूनतम 9°C के आसपास रह सकता है। दिन में धूप से राहत मिलेगी, लेकिन रात की ठंड अभी पूरी तरह खत्म नहीं होगी।
उत्तर प्रदेश का मौसम अपडेट
पश्चिमी विक्षोभों का उत्तर प्रदेश पर सीमित असर देखने को मिलेगा। राज्य में सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। अगले 2–3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।
बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार और झारखंड में फिलहाल किसी बड़े मौसम सिस्टम का खतरा नहीं है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है। बारिश या तूफान की कोई चेतावनी नहीं है। सुबह और शाम को कोहरा बना रह सकता है।
हिमाचल और उत्तराखंड के लिए अलर्ट जारी
IMD ने बताया है कि 13 और 16 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी,तेज हवाएं (30–40 किमी/घंटा) गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका। पर्यटकों और यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पंजाब-हरियाणा में 16 फरवरी को खराब मौसम की चेतावनी
16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश,आंधी-तूफान ,बिजली गिरने की संभावना है। किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत है।
सर्दी के अंतिम चरण में मौसम का खेल
यह बदलाव संकेत देता है कि उत्तर भारत में सर्दी अब अंतिम दौर में है। पहाड़ों में अभी बर्फबारी जारी रहेगी, जबकि मैदानी इलाकों में धीरे-धीरे गर्मी की दस्तक महसूस होने लगेगी। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे IMD के आधिकारिक अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।