Edited By Mansa Devi,Updated: 30 Mar, 2026 11:53 AM

राजस्थान में 1 अप्रैल से कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जो आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को सीधे प्रभावित करेंगे। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही राज्य सरकार ने हाईवे, स्कूल, अस्पताल, अदालतें और पर्यटन स्थलों के समय में बदलाव करने की योजना...
नेशनल डेस्क: राजस्थान में 1 अप्रैल से कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जो आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को सीधे प्रभावित करेंगे। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही राज्य सरकार ने हाईवे, स्कूल, अस्पताल, अदालतें और पर्यटन स्थलों के समय में बदलाव करने की योजना बनाई है। ये बदलाव वाहन चालकों, छात्रों, अभिभावकों और पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे।
हाईवे पर सफर होगा महंगा
राजस्थान में नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों को 1 अप्रैल से अधिक टोल चुकाना होगा। प्रदेश की 170 से अधिक टोल प्लाजाओं पर दरों में बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, कारों के टोल में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। ज्यादातर वृद्धि कमर्शियल और भारी वाहनों के लिए लागू होगी, जो 5 से 30 रुपए तक होगी। रिंग रोड पर हल्के और निजी वाहनों के लिए दरें पहले जैसी रहेंगी, जबकि भारी वाहनों को 5 से 20 रुपए अधिक चुकाने होंगे।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की नोटिफिकेशन के अनुसार जयपुर से दिल्ली जाने वाले पुराने हाईवे पर दौलतपुरा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर, जयपुर-किशनगढ़ हाईवे पर ठीकरिया, बड़गांव और रिंग रोड पर सीतारामपुरा, हिंगोनिया तथा जयपुर-सीकर राजमार्ग पर टाटियावास टोल बूथ पर नई दरें लागू होंगी।
फास्टैग पास की कीमत में बढ़ोतरी
कार के वार्षिक फास्टैग पास की कीमत 75 रुपए बढ़ा दी गई है। अब यह पास 3000 रुपए के बजाय 3075 रुपए में बनेगा। इस पास के जरिए एक वर्ष में 200 बार टोल पार करने की सुविधा प्राप्त होगी।
नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू
इस बार स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र पहली बार 1 अप्रैल से शुरू किया जाएगा। स्कूलों में पढ़ाई 1 अप्रैल से 15 मई तक चलेगी और इसके बाद 16 मई से 20 जून तक गर्मियों की छुट्टी रहेगी। 21 जून से स्कूलों का संचालन फिर से शुरू होगा।
स्कूल और आंगनबाड़ी का समय बदलेगा
गर्मी के मौसम को देखते हुए सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया जाएगा।
एक पारी वाले स्कूल: सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक
दो पारी वाले स्कूल: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
प्रत्येक पारी की अवधि: 5.30 घंटे
आंगनबाड़ी केंद्र: सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक
पर्यटन स्थलों में बदलाव
रणथंभौर और सरिस्का टाइगर रिजर्व में सफारी का समय बदलकर मॉर्निंग शिफ्ट सुबह 6 बजे से 9.30 बजे और इवनिंग शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6.30 बजे तक किया गया है। यह समय 15 मई तक लागू रहेगा। 16 मई से 30 जून तक शाम की सफारी दोपहर 3.30 बजे से शाम 7 बजे तक होगी, जबकि सुबह की सफारी का समय पहले जैसा रहेगा। जयपुर के आमेर किले में हाथी सवारी का समय भी घटाकर सुबह 7 बजे से 10.30 बजे तक कर दिया गया है।
सरकारी अस्पतालों का ओपीडी समय बदलेगा
प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का समय बदल जाएगा। गर्मियों में ओपीडी सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। राजकीय अवकाश के दिन सुबह 9 से 11 बजे तक ही ओपीडी रहेगी। इसके अलावा इमरजेंसी सेवाएं पूरे दिन उपलब्ध रहेंगी।
अदालतों का समय भी बदलेगा
राजस्थान हाईकोर्ट सहित सभी न्यायालयों में 13 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन समय लागू होगा। कोर्ट में न्यायिक कार्य सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होंगे, जिसमें 10.30 से 11 बजे तक आधे घंटे का ब्रेक रहेगा। हाईकोर्ट कार्यालय: सुबह 7.30 से दोपहर 1 बजे तक, ब्रेक 10.30 से 10.45 बजे तक ट्रायल और अधीनस्थ अदालतें: सुनवाई सुबह 8 से दोपहर 12.30 बजे तक, कार्यालय का समय सुबह 7.30 से दोपहर 1 बजे तक
असर आम लोगों पर
इस तरह 1 अप्रैल से राजस्थान में लागू होने वाले बदलाव यात्रियों, छात्रों, अभिभावकों, पर्यटकों और आम लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करेंगे। हाईवे, स्कूल, अस्पताल, अदालत और पर्यटन स्थल सभी के समय और शुल्क में परिवर्तन आम जिंदगी में सीधे असर डालेंगे।