Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 03 Mar, 2025 12:44 PM

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और इससे पहले राजनीति पूरी तरह गरमा चुकी है। हाल ही में सी-वोटर द्वारा किए गए सर्वे में यह खुलासा हुआ है
नेशनल डेस्क: बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और इससे पहले राजनीति पूरी तरह गरमा चुकी है। हाल ही में सी-वोटर द्वारा किए गए सर्वे में यह खुलासा हुआ है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकप्रियता में भारी गिरावट आई है जबकि आरजेडी नेता तेजस्वी यादव लोगों की पहली पसंद बनकर उभरे हैं। इसके अलावा इस दौड़ में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी भी शामिल हैं।
सर्वे में तेजस्वी यादव सबसे आगे
सी-वोटर के सर्वे के अनुसार, 41 फीसदी लोग तेजस्वी यादव को बिहार का अगला मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं। यह दिखाता है कि जनता के बीच उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। वहीं, सिर्फ 18 फीसदी लोग ही नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।
प्रशांत किशोर की लोकप्रियता बढ़ी
प्रशांत किशोर को भी जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है। सर्वे में 15 फीसदी लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में पसंद किया है। इस तरह वे बीजेपी नेता सम्राट चौधरी से आगे निकल गए हैं, जिन्हें केवल 8 फीसदी लोगों ने समर्थन दिया। वहीं, चिराग पासवान को सिर्फ 4 फीसदी लोगों का समर्थन मिला है।
बिहार की जनता नीतीश सरकार से नाराज?
सर्वे के मुताबिक, 50 फीसदी लोग नीतीश कुमार की सरकार से पूरी तरह नाराज हैं। 22 फीसदी लोग सरकार से नाराज तो हैं लेकिन बदलाव नहीं चाहते। वहीं, 25 प्रतिशत लोगों का कहना है कि वे न तो सरकार से नाराज हैं और न ही बदलाव के पक्ष में हैं।
बिहार में सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा क्या?
इस बार के चुनावों में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा बनकर उभरी है। सर्वे के मुताबिक:
-
45% लोगों ने बेरोजगारी को प्राथमिक मुद्दा माना।
-
11% लोगों ने महंगाई को मुख्य समस्या बताया।
-
10% लोगों ने बिजली, पानी और सड़कों को मुद्दा बताया।
-
4% लोगों ने कृषि और भ्रष्टाचार को अहम मुद्दा माना।
पिछले चुनाव में किसका क्या प्रदर्शन रहा?
पिछले विधानसभा चुनावों में आरजेडी ने 75 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया था। बीजेपी को 74 सीटें और जेडीयू को 43 सीटें मिली थीं। वहीं, चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी-आर एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।
क्या बिहार को मिलेगा नया मुख्यमंत्री?
सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि इस बार बिहार में बड़ा राजनीतिक बदलाव हो सकता है। नीतीश कुमार की लोकप्रियता में भारी गिरावट आई है और तेजस्वी यादव सबसे आगे हैं। साथ ही, प्रशांत किशोर भी एक उभरते हुए नेता के रूप में दिख रहे हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव के नतीजे किसके पक्ष में जाते हैं।