Edited By Shubham Anand,Updated: 18 Dec, 2025 01:56 PM

संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा में भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबीजी राम-जी विधेयक ध्वनि मत से पारित हो गया। विपक्ष के भारी हंगामे के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिल का बचाव किया और कांग्रेस पर...
नेशनल डेस्क : संसद का शीतकालीन सत्र जारी है। गुरुवार को लोकसभा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) विधेयक, जिसे वीबीजी राम-जी (VBG Ram G) कहा जा रहा है, पर सरकार का पक्ष रखा। इस दौरान सदन में विपक्षी दलों ने जोरदार विरोध किया और नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के बीच विपक्षी सांसदों ने विधेयक की प्रतियां फाड़कर सदन में फेंक दीं और वेल में पहुंच गए। भारी हंगामे के बावजूद लोकसभा में वीबीजी राम-जी विधेयक को पारित कर दिया गया।
भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) विधेयक लोकसभा में ध्वनि मत के जरिए पारित हुआ। विधेयक पर चर्चा के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी महात्मा गांधी की विचारधारा को नहीं अपनाया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनकी सरकार गांधीजी के सिद्धांतों को मानने वाली सरकार है।
उन्होंने आगे कहा कि महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कांग्रेस को भंग करने की बात कही थी, लेकिन उनकी इस बात को नजरअंदाज कर दिया गया। शिवराज सिंह चौहान ने यह भी कहा कि जिस दिन जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा दिया गया, उसी दिन संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने मनरेगा योजना में व्याप्त कई खामियों को दूर करने का काम किया है।
कांग्रेस पर फंड के दुरुपयोग का आरोप
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार किसी भी वर्ग या क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं करती। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी उनके लिए प्रेरणा और आस्था का केंद्र हैं और पूरा देश उनके लिए एक समान है। उन्होंने कहा कि भारत केवल जमीन का टुकड़ा नहीं है, बल्कि एक विचार है। शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विचार संकीर्ण रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुंह पर राम और बगल में छुरी जैसी राजनीति रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मनरेगा को पूरी तरह भ्रष्टाचार के हवाले कर दिया था।
संसद में विपक्षी दलों के शोर-शराबे के बीच शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत जी-राम-जी विधेयक पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का पक्ष सुनना ही नहीं चाहती। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के फंड का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया। इसके विपरीत, मौजूदा सरकार ने विकास कार्यों पर ईमानदारी से खर्च किया है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह विधेयक किसानों और गरीब वर्ग के कल्याण के उद्देश्य से लाया गया है, इसके बावजूद कांग्रेस इसका विरोध कर रही है।
परिवारवाद पर भी साधा निशाना
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी की बजाय अपने परिवार के महिमामंडन पर ज्यादा ध्यान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं का नामकरण नेहरू परिवार के नाम पर किया गया, ताकि एक ही परिवार का प्रचार किया जा सके। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक सत्ता में रहते हुए परिवारवाद को बढ़ावा दिया और योजनाओं के नामों में भी उसी सोच को आगे बढ़ाया।