Edited By Anu Malhotra,Updated: 03 Mar, 2026 03:49 PM

देश की राजधानी में चुनावी हलचल अब अपने शिखर पर पहुंच चुकी है। राज्यसभा की खाली सीटों को भरने के लिए नामांकन का समय खत्म होने से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। भगवा दल ने इस बार रणनीति और क्षेत्रीय समीकरणों को...
9 Names in BJP's List: देश की राजधानी में चुनावी हलचल अब अपने शिखर पर पहुंच चुकी है। राज्यसभा की खाली सीटों को भरने के लिए नामांकन का समय खत्म होने से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। भगवा दल ने इस बार रणनीति और क्षेत्रीय समीकरणों को साधते हुए 9 उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई है, जिसमें कई चौंकाने वाले और प्रभावशाली चेहरे शामिल हैं।
इस सूची में सबसे प्रमुख नाम नितिन नवीन का है, जिन्हें भाजपा ने बिहार के कोटे से उच्च सदन भेजने का निर्णय लिया है। बिहार की राजनीति में सक्रिय नितिन नवीन के अलावा राज्य से शिवेश कुमार को भी चुनावी मैदान में उतारा गया है। पूर्वी भारत पर अपनी पकड़ मजबूत करने के इरादे से पार्टी ने पश्चिम बंगाल से कद्दावर नेता राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जो राज्य में पार्टी के पुराने और भरोसेमंद चेहरे माने जाते हैं।
पूर्वोत्तर और अन्य राज्यों की बात करें तो असम से तेराश गोवाला और जेगेन मोहन को टिकट दिया गया है। वहीं, ओडिशा में अपनी बढ़ती ताकत को देखते हुए भाजपा ने मनमोहन सामल और सुजीत कुमार जैसे दो बड़े नामों पर दांव खेला है। हरियाणा से संजय भाटिया और छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा भेजने की तैयारी है।
चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, यह चुनावी जंग महाराष्ट्र, तमिलनाडु, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कुल 10 राज्यों में फैली हुई है। इन राज्यों की रिक्त सीटों के लिए 16 मार्च को वोट डाले जाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि सुबह मतदान खत्म होने के तुरंत बाद उसी शाम को नतीजों का ऐलान भी कर दिया जाएगा, जिससे यह साफ हो जाएगा कि दिल्ली के ऊपरी सदन में किन राज्यों का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा।