Edited By Pardeep,Updated: 07 Nov, 2026 10:04 PM

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद गिराए जाने की घटना को लेकर दिए गए एक बयान पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जोरदार हमला बोला है।
नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद गिराए जाने की घटना को लेकर दिए गए एक बयान पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जोरदार हमला बोला है। अपनी पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) को लेकर अंतरराष्ट्रीय समाचार पत्र 'द गार्डियन' को दिए एक इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने बाबरी विध्वंस का जिक्र करते हुए कहा कि टीवी पर मस्जिद गिराए जाने की तस्वीरें देखकर वह रो पड़ी थीं। उन्होंने आगे कहा कि उसी समय उन्हें अहसास हो गया था कि अब उन्हें उस धर्मनिरपेक्ष देश के लिए लंबी लड़ाई लड़नी होगी, जिसे महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और उनके साथियों ने बनाने की कोशिश की थी।
'1992 में दूरदर्शन का लाइव प्रसारण नहीं था, फिर टीवी पर कब देखा?': सुधांशु त्रिवेदी
सोनिया गांधी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने तीखा पलटवार किया है। सुधांशु त्रिवेदी ने सवाल उठाया कि 1992 में दूरदर्शन किसी घटना का लाइव प्रसारण नहीं करता था, तो सोनिया गांधी ने उस जमाने में कितने बजे और कहां यह टीवी पर देखा था।
बीजेपी सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी के रामराज्य से भटककर अब 'बाबर राज' तक आ गई है। उन्होंने प्रहार करते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी के दिल में तब भी बाबर था और आज भी बाबर ही है"। सुधांशु त्रिवेदी ने यह भी पूछा कि क्या सोनिया गांधी की आंखों में 1990 में कश्मीर में जो कुछ हुआ उसके लिए आंसू आए थे? उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनके आंसू जन्मस्थान के लिए आए थे या मस्जिद के लिए आए थे।
'कांग्रेस के दो चेहरे, राजीव गांधी ने अयोध्या से शुरू किया था चुनाव अभियान'
बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के दो चेहरे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने खुद अयोध्या से ही अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि आज जब दीपावली की पूर्व संध्या पर अयोध्या में लाखों दीये जलाए जा रहे हैं, तब भी कांग्रेस की सोच बाबर के इर्द-गिर्द ही घूम रही है।