Edited By Rahul Singh,Updated: 03 Nov, 2026 03:56 PM

मतदाता सूची के पुनरीक्षण और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष के अभियान को लेकर बीजेपी ने मंगलवार को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधा। बीजेपी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और विपक्षी नेता देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
नई दिल्ली: मतदाता सूची के पुनरीक्षण और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष के अभियान को लेकर बीजेपी ने मंगलवार को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधा। बीजेपी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और विपक्षी नेता देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी ने चेतावनी दी कि अगर राहुल गांधी इसी तरह की राजनीति जारी रखते हैं, तो लोग विपक्ष के लिए कोई दूसरा विकल्प तलाश सकते हैं।
दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी और उनके साथ विपक्ष के अन्य नेता देश के सामने अराजकता का मॉडल पेश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का मकसद देश में सत्ता परिवर्तन करना है। गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव को यह नहीं सोचना चाहिए कि देश में अराजकता फैलाकर उन्हें कोई फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता ऐसे नेताओं को राजनीतिक रूप से जवाब देगी और विपक्ष के लिए दूसरा विकल्प तलाशेगी।
कांग्रेस में भी राहुल गांधी की राजनीति से सहमत नहीं हैं वरिष्ठ नेता
बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि राहुल गांधी की इस तरह की राजनीति को कांग्रेस के अंदर भी समर्थन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के इस तरीके से सहमत नहीं हैं। उन्हें लगता है कि इससे कांग्रेस पूरी तरह कमजोर और बर्बाद हो सकती है।
विदेशी ताकतों से मदद लेने का भी लगाया आरोप
गौरव भाटिया ने विपक्ष के प्रदर्शनों को लेकर विदेशी फंडिंग का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी विदेशी संगठनों के संपर्क में हैं। इनमें प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल और इंडियन अलायंस पेरिस जैसे संगठन शामिल हैं। भाटिया ने आरोप लगाया कि प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शनों के लिए फंडिंग करता है और तख्तापलट जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देता है। उन्होंने सोनिया गांधी की एक तस्वीर भी दिखाई, जिसके बारे में दावा किया कि यह पिछले साल दिल्ली में प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल के प्रतिनिधियों के साथ उनकी मुलाकात की है।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी थी खुली बहस की चुनौती
दरअसल, सोमवार को राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आरोप पर पलटवार किया था, जिसमें उन्होंने विपक्ष पर देश को अस्थिर करने के लिए विदेशी मदद लेने की बात कही थी। राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी। उन्होंने यह आरोप भी लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी खुद विदेशी मदद से प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे हैं। फिलहाल, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष के अभियान को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।