Edited By Parveen Kumar,Updated: 23 Sep, 2026 09:49 PM

ओमान के पास समुद्री क्षेत्र में भारत आ रहे मालवाहक जहाज MV Cape Dao पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। भारतीय दूतावास ने बुधवार को घटना की पुष्टि की है। दूतावास ने कहा कि वह ओमानी अधिकारियों और संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क में है...
नेशनल डेस्क : ओमान के पास समुद्री क्षेत्र में भारत आ रहे मालवाहक जहाज MV Cape Dao पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। भारतीय दूतावास ने बुधवार को घटना की पुष्टि की है। दूतावास ने कहा कि वह ओमानी अधिकारियों और संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क में है और जहाज पर सवार सभी क्रू सदस्यों की सुरक्षा पर नजर रखी जा रही है।
मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में भारतीय नागरिक की मौत पर दुख जताया। दूतावास के मुताबिक, जहाज पर 19 भारतीय नागरिक सवार थे। दूतावास स्थानीय अधिकारियों और RPSL के संपर्क में है। साथ ही मृतक के परिवार से भी संपर्क किया जा रहा है और उन्हें जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे मृतक नाविक
Forward Seamen's Union of India (FSUI) ने मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी सूरज यादव के रूप में की है। यूनियन के मुताबिक, सूरज यादव जहाज पर वाइपर के तौर पर काम कर रहे थे। FSUI ने कहा कि भारत की ओर बढ़ रहे MV Cape Dao को निशाना बनाया गया, जिसमें एक भारतीय नाविक की जान चली गई।
हालांकि, जहाज पर मौजूद भारतीय क्रू सदस्यों की संख्या को लेकर भारतीय दूतावास और FSUI के आंकड़ों में अंतर है। दूतावास ने 19 भारतीय नागरिकों के सवार होने की जानकारी दी है, जबकि FSUI का दावा है कि जहाज पर कुल 28 क्रू सदस्य थे, जिनमें 20 भारतीय शामिल थे।
दो टॉरपीडो से हमले का दावा
FSUI के मुताबिक जहाज को दो टॉरपीडो से निशाना बनाया गया। यूनियन का दावा है कि इनमें से एक टॉरपीडो पोर्ट साइड के C-डेक स्थित आवासीय हिस्से में लगा, जबकि दूसरा पोर्ट साइड के उस हिस्से से टकराया, जहां इंजन रूम स्थित है।
यूनियन ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और उसके आसपास के समुद्री मार्गों पर काम कर रहे नागरिक नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। FSUI ने सुरक्षित समुद्री रास्ते सुनिश्चित करने, घटना की जवाबदेही तय करने और मृत भारतीय नाविक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
दूतावास ने जिम्मेदार पक्ष पर नहीं की टिप्पणी
फिलहाल भारतीय दूतावास ने जहाज पर हुए हमले के लिए जिम्मेदार पक्ष या हमले के पीछे की वजह को लेकर कोई दावा नहीं किया है। दूतावास का मुख्य फोकस जहाज पर मौजूद भारतीयों समेत सभी क्रू सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मृतक नाविक के परिवार को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने पर है।