Edited By Pardeep,Updated: 16 Oct, 2026 08:10 AM

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि पुलिस उन्हें आज रात या सुबह हिरासत में ले सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस और जासूस उनके घर पर नजर रख रहे हैं। नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने दिन में पहले घोषणा की...
नई दिल्लीः कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि पुलिस उन्हें आज रात या सुबह हिरासत में ले सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस और जासूस उनके घर पर नजर रख रहे हैं। नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने दिन में पहले घोषणा की कि कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा।
दीपके ने अधिकारियों से पूछा, "आप कितनी जगहें बंद करेंगे?" कॉजपा ने आम जनता और अपने समर्थकों से शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में इकट्ठा होने और राष्ट्रीय ध्वज लहराने की अपील की है। यह मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उनके विरोध प्रदर्शन का हिस्सा है, जो मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में हुई अनियमितताओं को लेकर किया जा रहा है।
दीपके ने आरोप लगाया कि बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियां उनका पीछा कर रही थीं और आसूचना ब्यूरो के कर्मियों ने उनके घर के बाहर तैनात चौकीदार से जानकारी ली। उन्होंने कहा, "दिल्ली पुलिस मुझे आज रात या कल सुबह हिरासत में ले सकती है, लेकिन मैं नरेन्द्र मोदी से कहना चाहता हूं कि हम इससे डरने वाले नहीं हैं।"
उन्होंने कहा, "हम बस इतना कह रहे हैं कि ज्ञानेश कुमार को हटा दें और किसी और को नियुक्त करें। हम यह नहीं कह रहे कि हम सत्ता बदलना चाहते हैं।" दीपके ने कहा, "हम बस इतना कह रहे हैं कि ज्ञानेश कुमार को हटा दें - जो अपने साथी चुनाव आयुक्तों की बात तक नहीं सुन रहे हैं - और एक स्वतंत्र व निष्पक्ष तरीके से नए चुनाव आयुक्त की नियुक्ति करें। क्या यह कोई अपराध है?"