Edited By Pardeep,Updated: 11 Jul, 2026 02:01 AM

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने करूर भगदड़ के पीड़ित 31 परिवारों के सदस्यों को शुक्रवार को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे।
करूरः तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने करूर भगदड़ के पीड़ित 31 परिवारों के सदस्यों को शुक्रवार को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे।
इसके अलावा, उन्होंने इरोड निवासी के. कंदासामी की पत्नी के. शांति को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उनके पुत्र की मौत 27 सितंबर 2025 को विजय की पार्टी तमिलिगा वेत्री कषगम (टीवीके) की रैली के दौरान हुई भगदड़ में हुई थी। इस हादसे में 41 लोग मारे गए थे। मई में मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद करूर की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान विजय ने भगदड़ में जान गंवाने वाले 41 लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
करूर हादसे के पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात के दौरान तमिलनाडु के सीएम जोसेफ विजय रो पड़े। इस दौरान नियुक्ति पत्र लेने आई एक युवती ने बताया कि विजय इस कदर भावुक हो गए थे कि पांच मिनट तक उनके मुंह से शब्द ही नहीं निकले। प्रियदर्शिनी नाम की इस युवती का भाई सितंबर में हुए इस हादसे में मारा गया था। उसने बताया कि सीएम विजय की आंखों से आंसू बरस रहे थे।
लाभार्थियों को जूनियर असिस्टेंट, कार्यालय सहायक और चौकीदार जैसे पदों पर नियुक्ति दी गई है। ये नियुक्तियां स्कूल शिक्षा, राजस्व, ग्रामीण विकास, शहरी मामलों, पुलिस, पंजीकरण, नगर पंचायत विभागों तथा करूर कलेक्टर कार्यालय में की गई हैं। इससे पहले, मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने राज्य सरकार को 41 मृतकों के परिजनों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की अनुमति दी थी, लेकिन यह भी स्पष्ट किया था कि ये नियुक्तियां अस्थायी आधार पर होंगी। इस अवसर पर लोक निर्माण एवं खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री के. ए. सेंगोट्टैयन, दुग्ध विकास मंत्री सी. विजयलक्ष्मी, कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि, मुख्य सचिव एम. साईकुमार, करूर के जिलाधिकारी सी. मुथुकुमारन तथा राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।