Edited By Ramanjot,Updated: 20 Mar, 2026 06:44 PM

DA Hike: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ते (DA) का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है।
DA Hike: देश के लाखों केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए साल 2026 की पहली छमाही के महंगाई भत्ते (DA) का इंतजार बढ़ता जा रहा है। अमूमन होली के उल्लास के साथ होने वाली इस घोषणा में इस बार देरी देखी जा रही है, जिससे कर्मचारियों के बीच उत्सुकता और अटकलें तेज हो गई हैं। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार मार्च के अंतिम सप्ताह या अप्रैल के शुरुआती दिनों में भत्ते में बढ़ोतरी का आधिकारिक एलान कर सकती है।
जनवरी 2026 से प्रभावी होगी नई दरें
भले ही घोषणा में कुछ दिनों का विलंब हो रहा हो, लेकिन नियम के अनुसार नया महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से ही प्रभावी माना जाएगा। इसका अर्थ यह है कि कर्मचारियों को पिछले महीनों का बकाया (Arrear) एकमुश्त दिया जाएगा।
60% के पार जा सकता है महंगाई भत्ता
औद्योगिक श्रमिकों के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI-IW) के पिछले 12 महीनों के आंकड़ों का विश्लेषण करें, तो इस बार महंगाई भत्ते में 2% की बढ़ोतरी लगभग तय मानी जा रही है। इससे महंगाई भत्ता 60% हो जाएगा।
सैलरी पर क्या होगा असर?
उदाहरण के लिए यदि किसी 'लेवल 1' के कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹18,000 है और उसे 58% DA पर 10,440 रुपए मिलते हैं। वहीं 60% DA पर कर्मचारी को ₹10,800 मिलेंगे। ऐसे में सीधे तौर पर 360 रुपए की वृद्धि होगी।
कब तक आएगा खाते में पैसा?
जानकारों का मानना है कि घोषणा मार्च के अंत तक होने पर भी इसे लागू करने की प्रशासनिक प्रक्रिया में समय लगता है। ऐसे में बढ़ी हुई सैलरी और जनवरी से मार्च तक का 3 महीने का एरियर अप्रैल की सैलरी के साथ आने की पूरी संभावना है।