Edited By SHUKDEV PRASAD,Updated: 05 Mar, 2026 09:16 PM

दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो रहा है। इसी कड़ी में 8 मार्च को प्रधानमंत्री Narendra Modi राजधानी को कई नई मेट्रो परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस मौके पर दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया जाएगा,
नेशनल डेस्क: दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो रहा है। इसी कड़ी में 8 मार्च को प्रधानमंत्री Narendra Modi राजधानी को कई नई मेट्रो परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस मौके पर दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि तीन अन्य रूट्स का शिलान्यास होगा। इन परियोजनाओं से दिल्ली के कई इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यात्रियों को तेज व सुविधाजनक सफर मिलेगा। दिल्ली सरकार के मुताबिक इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब 18,300 करोड़ रुपये से अधिक है। इनसे ट्रैफिक दबाव कम होगा और सार्वजनिक परिवहन को भी मजबूती मिलेगी।
मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक मेट्रो
दिल्ली के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों को जोड़ने के लिए यह नया कॉरिडोर तैयार किया गया है। इसकी लंबाई करीब 12.3 किलोमीटर है और इसमें कई एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं।यह रूट पिंक लाइन के नेटवर्क को और मजबूत करेगा। इसके चालू होने के बाद पिंक लाइन की कुल लंबाई 70 किलोमीटर से ज्यादा हो जाएगी। इस कॉरिडोर में यमुना नदी पर विशेष पुल और डबल-डेकर वायाडक्ट जैसी आधुनिक इंजीनियरिंग का इस्तेमाल किया गया है।
दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक मैजेंटा लाइन विस्तार
दूसरा कॉरिडोर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के लिए अहम माना जा रहा है। लगभग 9.9 किलोमीटर लंबी इस लाइन में कई नए स्टेशन शामिल किए गए हैं। यह मैजेंटा लाइन का विस्तार है, जिससे पीतमपुरा और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर मेट्रो सुविधा मिलेगी। इस रूट में दिल्ली मेट्रो का एक ऊंचा एलिवेटेड सेक्शन भी बनाया गया है।
दिल्ली को मिलेगी रिंग मेट्रो
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली को देश की पहली पूर्ण रिंग मेट्रो का लाभ मिलेगा। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। सरकार का दावा है कि इन रूट्स के चालू होने से लाखों यात्रियों को रोजाना फायदा मिलेगा और सड़क यातायात का दबाव भी कम होगा।