Edited By Anu Malhotra,Updated: 12 Aug, 2026 10:26 AM
देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। IMD ने 12 अगस्त को दिल्ली-NCR समेत 15 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में आंधी के दौरान हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग...
नई दिल्ली: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। IMD ने 12 अगस्त को दिल्ली-NCR समेत 15 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में आंधी के दौरान हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, कम दबाव के इलाके और एक्टिव मानसून ट्रफ के असर से अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान, असम, मेघालय, त्रिपुरा और नागालैंड में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण मौसम अचानक बदल सकता है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
बारिश की वजह क्या है?
मौसम में बदलाव का मुख्य कारण उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बना कम दबाव का क्षेत्र है। इसके अलावा मानसून ट्रफ राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों से होकर बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। IMD के अनुसार, 12 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
दिल्ली-NCR में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
दिल्ली-NCR में बुधवार को मौसम खराब रहने की संभावना है। राजधानी में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में तेज बारिश
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कानपुर, मिर्जापुर, नोएडा, गोरखपुर, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, सोनभद्र, अलीगढ़ और चंदौली समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में हवा की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार में भी बदलेगा मौसम
बिहार में भी कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है। पटना, बक्सर, मधुबनी, वैशाली, सिवान, भोजपुर, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, किशनगंज और बेगूसराय में तेज बारिश के साथ आंधी की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत और बागेश्वर में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। कुछ इलाकों में हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हिमाचल में भी मौसम खराब रहने के आसार
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, मंडी, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, चंबा, सोलन, किन्नौर और बिलासपुर में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी शिमला में हालांकि मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में तेज बारिश के साथ हवाएं
मध्य प्रदेश में भी मानसून सक्रिय रहने वाला है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, कटनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, खंडवा, श्योपुर और पन्ना समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है। कुछ इलाकों में हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
राजस्थान में 70 KM/H तक की हवाओं का अनुमान
राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। जयपुर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर, टोंक, चित्तौड़गढ़, अजमेर, भरतपुर, बूंदी, भीलवाड़ा और बारां में आंधी-बारिश की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है बारिश का दौर मौसम विभाग के मुताबिक, कम दबाव के क्षेत्रों और सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण पूर्वी और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। ऐसे में लोगों को तेज बारिश के दौरान सावधानी बरतने और मौसम विभाग की स्थानीय चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।