Edited By Anu Malhotra,Updated: 13 Aug, 2026 07:18 AM

कर्नाटक की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को लेकर एक नया मामला सामने आया है। जेल में उनके कथित इस्तेमाल वाले मोबाइल फोन की बरामदगी के बाद अब फोन में मिले डिजिटल डेटा ने जांच एजेंसियों का ध्यान खींचा है।
बेंगलुरु: कर्नाटक की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को लेकर एक नया मामला सामने आया है। जेल में उनके कथित इस्तेमाल वाले मोबाइल फोन की बरामदगी के बाद अब फोन में मिले डिजिटल डेटा ने जांच एजेंसियों का ध्यान खींचा है। CCB यानी सेंट्रल क्राइम ब्रांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, फोन में 80-90 से अधिक अश्लील वीडियो डाउनलोड मिले हैं। बताया गया है कि सोमवार दोपहर CCB की टीम ने जेल में हाई-प्रोफाइल कैदियों की तलाशी के दौरान कार्रवाई की थी। इसी दौरान रेवन्ना के कथित इस्तेमाल से जुड़ा मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके बाद डिवाइस को जांच के लिए कब्जे में लिया गया।
फोन में बड़ी संख्या में वीडियो मिलने का दावा
CCB सूत्रों के अनुसार, मोबाइल फोन की जांच में बड़ी संख्या में अश्लील वीडियो पाए गए। इनमें अधिकांश वीडियो भारतीय पोर्नोग्राफिक कंटेंट से जुड़े होने की बात कही जा रही है। हालांकि, जांच एजेंसियां अभी फोन में मौजूद डेटा की विस्तृत पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये वीडियो फोन में कब डाउनलोड किए गए और डिवाइस का इस्तेमाल जेल के अंदर किस तरह किया जा रहा था।
सूत्रों का यह भी दावा है कि मोबाइल फोन में महिलाओं की आपत्तिजनक या कम कपड़ों वाली तस्वीरों से जुड़ी अखबार की कटिंग्स भी मौजूद थीं। जांच अधिकारी अब फोन में सेव हर तरह के डिजिटल डेटा की जांच कर रहे हैं। इसमें वीडियो, तस्वीरें, फाइलें और दूसरी डिजिटल सामग्री शामिल है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि मोबाइल फोन जेल परिसर के अंदर कैसे पहुंचा और उसका इस्तेमाल किसके जरिए किया जा रहा था।
जेल में मोबाइल मिलने से बढ़े सवाल
जेल में मोबाइल फोन की बरामदगी अपने आप में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। अब जांच एजेंसियां केवल फोन में मौजूद सामग्री की ही जांच नहीं कर रही हैं, बल्कि यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि फोन रेवन्ना तक कैसे पहुंचा। फिलहाल मोबाइल से जुड़ी ये जानकारियां CCB सूत्रों के हवाले से सामने आई हैं। पुलिस की विस्तृत डिजिटल जांच पूरी होने के बाद ही फोन में मौजूद सामग्री और उसके इस्तेमाल को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
कौन हैं प्रज्वल रेवन्ना?
प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते और पूर्व सांसद हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उनसे जुड़े कथित आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद मामला नेशनल लेवल पर चर्चा में आया था। इसके बाद उनके खिलाफ यौन अपराधों से जुड़े कई मामले दर्ज हुए। अगस्त 2025 में अदालत ने उन्हें यौन उत्पीड़न, वॉयरिज्म और सबूत मिटाने से जुड़े मामलों में दोषी ठहराया और उम्रकैद की सजा सुनाई। रेवन्ना ने अपने खिलाफ लगे आरोपों से इनकार किया था और कुछ वीडियो को कथित तौर पर मॉर्फ्ड यानी छेड़छाड़ करके तैयार किया गया बताया था।