Edited By Parveen Kumar,Updated: 09 Aug, 2026 12:07 AM

महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ इलाकों में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई। झटके नासिक, सूरत और वापी समेत कई इलाकों में महसूस किए गए।
नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ इलाकों में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई। झटके नासिक, सूरत और वापी समेत कई इलाकों में महसूस किए गए। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नासिक से करीब 47 किलोमीटर दूर भनवड़ गांव के पास बताया गया है। झटके महसूस होने के बाद कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।
नासिक के कई तालुकों में महसूस हुए झटके
नासिक शहर के अलावा जिले के दिंडोरी, निफाड, पेठ, सुरगाणा और इगतपुरी तालुका में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले पेठ और सुरगाणा तालुका में हल्के भूकंप के झटके तीन बार महसूस किए जा चुके हैं। हालांकि, इस बार महसूस किए गए झटके अपेक्षाकृत तेज थे, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया।
भारी बारिश के बाद बढ़ा फ्लूइड प्रेशर
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के डॉ. अजय प्रताप सिंह के मुताबिक, नासिक क्षेत्र में आए भूकंप हाइड्रो-सिस्मिक गतिविधि से जुड़े हो सकते हैं। बताया गया कि जुलाई में नासिक में हुई भारी बारिश के कारण पानी जमीन के नीचे बेसाल्ट चट्टानों की दरारों में गहराई तक पहुंचा। इससे भूमिगत फ्लूइड प्रेशर बढ़ सकता है, जिसके कारण डेक्कन पठार के नीचे मौजूद पुराने भूगर्भीय फॉल्ट में हलचल हुई। इसी वजह से क्षेत्र में कम तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं।
गुजरात के डांग में भी कांपी धरती
गुजरात के डांग जिले में भी रात करीब 10:02 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। सापुतारा के अलावा आहवा, साकरपाताल और गलकुंड इलाकों में भी धरती हिली।