Edited By Parveen Kumar,Updated: 06 Aug, 2026 07:13 PM

राष्ट्र नायकों को सम्मान देने के साथ ही भावी पीढ़ी में देशभक्ति का संचार करने के लिए प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत प्रदेश के पांच करोड़ घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। यहां जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इसके...
नेशनल डेस्क : राष्ट्र नायकों को सम्मान देने के साथ ही भावी पीढ़ी में देशभक्ति का संचार करने के लिए प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत प्रदेश के पांच करोड़ घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। यहां जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इसके साथ ही देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी आयोजनों को जनभागीदारी के साथ मनाने का निर्देश दिया है। इस श्रृंखला में राजधानी लखनऊ समेत सभी 75 जनपदों में 'तिरंगा संगीत समारोह' का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें राष्ट्रभक्ति के गीतों-नृत्यों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सरकार ने कहा कि हर-घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत भव्य तिरंगा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत तिरंगा मेला और भव्य तिरंगा संगीत समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें जनप्रतिनिधियों के साथ ही आम जन की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
तिरंगा समारोह में नामचीन कलाकारों के साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी मौका दिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य रूप से प्रसारण करने का निर्देश दिया।