Edited By Anu Malhotra,Updated: 28 Mar, 2026 04:31 PM

मनोरंजन जगत से एक ऐसी खबर आई है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। ठाणे के मीरा रोड इलाके में रहने वाले टीवी अभिनेता आशीष मेश्राम पर अपनी ही नौकरानी की हत्या का संगीन आरोप लगा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अभिनेता को शुक्रवार को विशाखापट्टनम से...
नेशनल डेस्क: मनोरंजन जगत से एक ऐसी खबर आई है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। ठाणे के मीरा रोड इलाके में रहने वाले टीवी अभिनेता आशीष मेश्राम पर अपनी ही नौकरानी की हत्या का संगीन आरोप लगा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अभिनेता को शुक्रवार को विशाखापट्टनम से हिरासत में ले लिया है। शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि आशीष महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था और इनकार करने पर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
मृतक महिला पिछले तीन सालों से आशीष के घर में साफ-सफाई का काम कर रही थी। वह अपने पीछे पति और चार बच्चों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गई है। महिला का परिवार आर्थिक रूप से काफी संघर्ष कर रहा था; उसके पति चप्पल सिलने का काम करते हैं, जबकि वह खुद सात-आठ घरों में मेहनत मजदूरी कर घर चलाती थी।
यह पूरी घटना बुधवार शाम की है, जब महिला सिल्वर पार्क स्थित चंद्रेश आर्केड बिल्डिंग में काम करने गई थी। काम के दौरान ही आरोपी ने चाकू से उसके गले, सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए। जख्मी हालत में जब महिला घर के दरवाजे पर गिरी, तब पड़ोसियों की नजर उस पर पड़ी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी आशीष मौके से फरार हो गया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में उसकी संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस उस तक पहुंचने में कामयाब रही।
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पिछले काफी समय से महिला को परेशान कर रहा था। जनवरी में तो उसने महिला के बेटे को फोन कर जान से मारने की धमकी तक दी थी। उस वक्त विवाद बढ़ने पर आशीष के भाई ने बीच-बचाव किया और झूठ बोल दिया कि आशीष अब उस फ्लैट में नहीं रहता। इसी भरोसे पर महिला दोबारा काम पर जाने लगी थी, लेकिन मौका मिलते ही अभिनेता ने उसकी जान ले ली।