Edited By Anu Malhotra,Updated: 18 Sep, 2026 10:00 AM

महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने त्योहारों के सीजन में “सेफ़ फ़ूड सेफ़ महाराष्ट्र” अभियान के तहत मुंबई के कई नामी फ़ूड आउटलेट्स पर सख्त कार्रवाई की है। साफ़-सफ़ाई और फ़ूड सेफ़्टी नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते प्रसिद्ध ओलंपिया कॉफ़ी...
मुंबई: महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने त्योहारों के सीजन में “सेफ़ फ़ूड सेफ़ महाराष्ट्र” अभियान के तहत मुंबई के कई नामी फ़ूड आउटलेट्स पर सख्त कार्रवाई की है। साफ़-सफ़ाई और फ़ूड सेफ़्टी नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते प्रसिद्ध ओलंपिया कॉफ़ी हाउस, कैफ़े मोंडेगर और नायर अस्पताल की कैंटीन का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मुंबई के कोलाबा स्थित ओलंपिया कॉफ़ी हाउस के खिलाफ यह कार्रवाई एक ग्राहक की शिकायत के बाद की गई। जांच के दौरान अधिकारियों को रेस्टोरेंट में गंदगी और लापरवाही का अंबार मिला। जिस जगह खाना रखा जा रहा था, वहीं यूरिनल (मूत्रालय) मौजूद था। फ्रिज में कॉकरोच, मक्खियां और कच्चे मांस के खून के धब्बे मिले। शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को बिना अलग किए एक साथ रखा गया था। खाना सीधे जमीन पर रखा था, बर्तन धोने की जगह बेहद गंदी थी और लकड़ी के टूटे चॉपिंग बोर्ड का इस्तेमाल हो रहा था। खाना बनाने के लिए गंदे पानी का इस्तेमाल पाया गया। साथ ही, 35 में से 34 कर्मचारियों के पास आवश्यक फ़ूड सेफ़्टी ट्रेनिंग नहीं थी। पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट और हाइजीन रिकॉर्ड भी गायब मिले।
इन गंभीर उल्लंघनों को देखते हुए 'फ़ूड सेफ़्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006' की धारा 32(3) के तहत रेस्टोरेंट का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया। अब यह आउटलेट तब तक संचालन बंद रखेगा जब तक कि सभी कमियों को दूर करके दोबारा जांच में पास न हो जाए। FDA ने कहा कि रेस्टोरेंट आगे की कार्रवाई के लिए तभी आवेदन कर पाएगा जब इंस्पेक्शन के दौरान पाई गई कमियों को पूरी तरह ठीक कर लिया जाएगा।
नायर हॉस्पिटल कैंटीन का लाइसेंस सस्पेंड
महाराष्ट्र FDA ने 16 सितंबर को मुंबई सेंट्रल के नायर हॉस्पिटल की कैंटीन का भी इंस्पेक्शन किया और वहां फ़ूड सेफ़्टी और साफ़-सफ़ाई के मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया। मरीजों और नागरिकों की सेहत और सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए नायर हॉस्पिटल कैंटीन का लाइसेंस भी तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। विभाग के अनुसार, कैंटीन के ख़िलाफ़ आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।
इससे ठीक एक दिन पहले, मंगलवार को FDA ने कैफ़े मोंडेगर और मुंबई के तीन अन्य फ़ूड आउटलेट्स के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए थे। अधिकारियों ने पिछले हफ़्ते बताया कि महाराष्ट्र FDA ने पिछले तीन महीनों में राज्य भर के 1,800 से ज़्यादा होटलों, क्लबों और ढाबों का इंस्पेक्शन करने के बाद 199 खाने-पीने के ठिकानों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं।