Edited By Mehak,Updated: 06 Oct, 2025 04:02 PM

सोने की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और 10 ग्राम सोना 1,16,833 रुपये को पार कर चुका है। त्योहारी सीजन में महंगे सोने की वजह से खरीदार जूलरी शोरूम से दूरी बना रहे हैं। दशहरे पर सोने की मांग में 25% गिरावट आई है। विशेषज्ञों के अनुसार, धनतेरस-दिवाली तक...
नेशनल डेस्क : सोने के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और अभी 10 ग्राम सोने की कीमत 1,16,833 रुपये को पार कर चुकी है। इस तेजी के चलते त्योहारी सीजन में सोने-चांदी की खरीदारी पर असर पड़ा है। खासकर शादी-ब्याह या धनतेरस-दिवाली पर सोने की खरीदारी करने वाले लोग इस साल महंगाई को देखते हुए जूलरी शोरूम से दूरी बनाए हुए हैं।
सोने की कीमतों के बढ़ने से मांग में कमी
आम तौर पर दशहरे और दिवाली के मौके पर सोने की मांग काफी बढ़ जाती है। लेकिन इस बार कीमतों के बढ़ने से लोग खरीदारी कम कर रहे हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, इस साल दशहरे पर सोने की बिक्री में 25 फीसदी की गिरावट आई है। जहां बीते साल दशहरे पर 24 टन सोना बिका था, इस साल वह घटकर सिर्फ 18 टन रह गया।
दीवाली पर सोने और चांदी के भाव
मांग में गिरावट के कारण विशेषज्ञ मानते हैं कि फिलहाल सोने की कीमतों में गिरावट की संभावना कम है। इस धनतेरस-दिवाली पर सोने की कीमत 1,22,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है, जबकि चांदी की कीमत 1,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम पार कर सकती है।
सोने की कीमतों में तेजी के कारण
सोने की कीमतों में तेजी के कई कारण हैं:
- वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताएं
- रूस-यूक्रेन और इज़राइल-हमास संघर्ष
- दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की लगातार खरीददारी
- निवेशक शेयर बाजार से पैसा निकालकर सुरक्षित निवेश के लिए सोने में लगा रहे हैं
इन सब कारणों से सोना निवेशकों के लिए 'सेफ हेवन' की तरह काम कर रहा है और मांग बढ़ रही है।
आज की सोने-चांदी की कीमतें (5 अक्टूबर 2025)
- 24 कैरेट सोना: 1,16,833 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट सोना: 1,07,019 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 18 कैरेट सोना: 87,625 रुपये प्रति 10 ग्राम
- चांदी: 1,45,010 रुपये प्रति किलोग्राम
इस तेजी के बीच, निवेशकों और खरीदारों के लिए सोना महंगा होता जा रहा है, और त्योहारी खरीदारी का बजट प्रभावित हो रहा है।