वियतनाम में रेल ट्रैक पर भारतीयों के डांस पर भड़के कारोबारी हर्ष गोयनका; बोले-भारत की छवि बिगाड़ रहे ऐसे लोग, 'ये मजा नहीं...महामूर्खता', (Video)

Edited By Updated: 13 Jun, 2026 07:07 PM

harsh goenka slams indian tourists dancing on vietnam railway tracks

वियतनाम के हनोई स्थित प्रसिद्ध ट्रेन स्ट्रीट पर रेलवे ट्रैक पर नाचते-गाते भारतीय पर्यटकों का वीडियो वायरल होने के बाद उद्योगपति हर्ष गोयनका ने इसकी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मनोरंजन ठीक है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर ऐसा व्यवहार उपद्रव और...

International Desk:वियतनाम की राजधानी हनोई के मशहूर 'ट्रेन स्ट्रीट' पर रेलवे ट्रैक के बीच नाचते और गाते भारतीय पर्यटकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो को लेकर उद्योगपति Harsh Goenka ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे मनोरंजन नहीं बल्कि सार्वजनिक उपद्रव करार दिया है।गोयनका ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, "मजा करना ठीक है, लेकिन यह उपद्रव है।"

 

क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में कुछ भारतीय पर्यटक हनोई की प्रसिद्ध ट्रेन स्ट्रीट पर रेलवे ट्रैक के बीच खड़े होकर नाचते और गाते दिखाई दे रहे हैं। यह स्थान दुनिया भर के पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है, क्योंकि यहां कैफे और घरों के बीच से बेहद कम दूरी पर ट्रेन गुजरती है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे सामान्य मनोरंजन बताया, जबकि कई लोगों ने इसे सुरक्षा नियमों की अनदेखी और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार कहा।

 

'भारतीय पर्यटक देश की छवि बनाते हैं'
हर्ष गोयनका लंबे समय से विदेश यात्रा के दौरान भारतीयों के व्यवहार को लेकर अपनी राय रखते रहे हैं। उनका मानना है कि विदेश जाने वाला हर भारतीय अपने देश का अनौपचारिक राजदूत होता है और उसके व्यवहार से भारत की छवि प्रभावित होती है।  उन्होंने कई बार कहा है कि जैसे-जैसे वैश्विक मंच पर भारत का प्रभाव बढ़ रहा है, वैसे-वैसे विदेशों में भारतीय नागरिकों के आचरण पर भी दुनिया की नजर रहती है।

 

वायरल कंटेंट की होड़ पर चिंता
गोयनका ने कहा कि कई यात्री स्थानीय नियमों, सार्वजनिक शिष्टाचार और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर केवल सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए वीडियो बनाते हैं। उनका मानना है कि सम्मान ऊंची आवाज, दिखावे या भीड़ आकर्षित करने वाले व्यवहार से नहीं, बल्कि अनुशासन, विनम्रता और दूसरों के प्रति सम्मान से मिलता है।  उन्होंने पहले भी जापान जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा था कि सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासित व्यवहार किसी समाज की पहचान होता है।

 

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भारतीय पर्यटकों के व्यवहार को लेकर व्यापक बहस शुरू हो गई है।  कई यूजर्स ने गोयनका की बात से सहमति जताते हुए कहा कि कुछ पर्यटक पर्यटन स्थलों का आनंद लेने के बजाय वायरल वीडियो बनाने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।  दूसरी ओर कुछ लोगों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं विदेशों में भारतीय पर्यटकों की नकारात्मक छवि को मजबूत कर सकती हैं। यह पहली बार नहीं है जब वियतनाम में भारतीय पर्यटकों के व्यवहार को लेकर विवाद हुआ हो। कुछ दिन पहले एक अन्य वीडियो में भारतीय पर्यटकों का एक समूह पार्क किए गए विमान के पास एयरपोर्ट परिसर में गरबा करता दिखाई दिया था। उस वीडियो को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी।

 

स्विट्जरलैंड होटल का किस्सा भी किया था साझा
हर्ष गोयनका इससे पहले एक स्विस होटल में लगे नोटिस का जिक्र भी कर चुके हैं, जिसमें भारतीय मेहमानों के लिए कुछ व्यवहार संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए थे।उन्होंने उस अनुभव को "खामोश अपमान" बताया था, लेकिन साथ ही यह भी माना था कि ऐसे नियम अक्सर बार-बार मिलने वाली शिकायतों के बाद बनाए जाते हैं।हाल ही में गोयनका ने एक वीडियो साझा किया था जिसमें कुछ पर्यटक Van Gogh Museum में बेहद शांत और सम्मानजनक तरीके से एक बंगाली गीत गा रहे थे।उन्होंने कहा था कि अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करना गलत नहीं है, लेकिन यह दूसरों को असुविधा पहुंचाए बिना और सुरक्षा नियमों का सम्मान करते हुए किया जाना चाहिए।  यह विवाद केवल एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि विदेशों में भारतीय पर्यटकों की जिम्मेदारी क्या होनी चाहिए और सोशल मीडिया प्रसिद्धि की चाह कहीं सार्वजनिक शिष्टाचार और सुरक्षा से बड़ी तो नहीं होती जा रही।

 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!