Edited By Sahil Kumar,Updated: 07 Jul, 2026 06:01 PM

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पूर्वी कैलाश इलाके में मंगलवार को तेज बारिश के दौरान एक व्यस्त सड़क पर चल रही मर्सिडीज कार समेत दो वाहनों पर एक बड़ा पेड़ गिर पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
नेशनल डेस्कः दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पूर्वी कैलाश इलाके में मंगलवार को तेज बारिश के दौरान एक व्यस्त सड़क पर चल रही मर्सिडीज कार समेत दो वाहनों पर एक बड़ा पेड़ गिर पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे राजा धीर सिंह मार्ग पर अचानक एक पेड़ गिर गया जिससे एक मर्सिडीज कार उसकी चपेट में आ गई जबकि एक अन्य कार को भी नुकसान पहुंचा। अग्निशमन विभाग ने बताया कि उसे घटना की सूचना दोपहर 1:38 बजे मिली और उसने तुरंत एक दमकल वाहन को मौके पर भेजा।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और सड़क को साफ करने और यातायात को सामान्य करने के लिए गिरे हुए पेड़ को काटकर हटाने का काम शुरू किया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारी ने कहा, ''इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।'' पेड़ गिरने की वजह से राजा धीर सिंह मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।