Edited By Rahul Rana,Updated: 07 Aug, 2026 08:20 PM

भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की एक लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक चर्चा तेज हो गई है। इस कार्यक्रम के बाद बांग्लादेश ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई और इस मामले पर सवाल उठाए।
नई दिल्ली: भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की एक लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक चर्चा तेज हो गई है। इस कार्यक्रम के बाद बांग्लादेश ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई और इस मामले पर सवाल उठाए। बांग्लादेश की प्रतिक्रिया के बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इस कार्यक्रम से भारत सरकार का कोई संबंध नहीं था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस पूरी तरह एक निजी कार्यक्रम थी और इसके आयोजन में भारत सरकार की कोई भूमिका नहीं थी।
भारत ने रुख किया स्पष्ट
विदेश मंत्रालय ने यह भी साफ किया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शेख हसीना ने जो भी बयान दिए, वे उनके व्यक्तिगत विचार हैं। भारत सरकार न तो उन बयानों का समर्थन करती है और न ही उन्हें अपनी आधिकारिक स्थिति मानती है। भारत ने अपने बयान के जरिए यह स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की कि किसी निजी कार्यक्रम में दिए गए वक्तव्यों को भारत सरकार के रुख के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस आयोजन और उसमें व्यक्त विचारों का सरकार की नीतियों या आधिकारिक रुख से कोई संबंध नहीं है।
कूटनीतिक संबंध पर प्रभाव
शेख हसीना के कार्यक्रम के बाद बांग्लादेश की ओर से नाराजगी जताए जाने के कारण इस मुद्दे ने दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों में नई चर्चा को जन्म दिया है। हालांकि भारत ने अपनी प्रतिक्रिया में यह दोहराया कि वह इस कार्यक्रम का आयोजक या सहभागी नहीं था। भारत और बांग्लादेश के संबंध दक्षिण एशिया की कूटनीति में महत्वपूर्ण माने जाते हैं। ऐसे में भारत का यह स्पष्टीकरण दोनों देशों के बीच इस मुद्दे को लेकर अपनी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
बुधवार को वर्चुअल संबोधन
बुधवार को दिल्ली के फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब (FCC) में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शेख हसीना ने कहा कि उन्हें अपने देश से दूर रहने के लिए मजबूर किया गया, लेकिन उनका रिश्ता बांग्लादेश की जनता से कभी नहीं टूटा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि बांग्लादेश को विकास और धर्मनिरपेक्षता की राह पर वापस लाना है।
देश लौटने की घोषणा की
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने घोषणा की है कि वह हर हाल में अपने देश लौटेंगी। उन्होंने कहा कि चाहे उन्हें जेल जाना पड़े या किसी भी तरह की मुश्किल का सामना करना पड़े, लेकिन वह दिसंबर में बांग्लादेश वापस जाएंगी। पिछले करीब दो वर्षों से शेख हसीना भारत में रह रहीं हैं।