Edited By Anu Malhotra,Updated: 30 Mar, 2026 10:46 AM

वाराणसी के बाबतपुर में स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बेंगलुरु से आए इंडिगो के विमान का दरवाजा खोलने की कोशिश करने के आरोप में एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। फूलपुर थाने के प्रभारी...
नेशनल डेस्क: वाराणसी के बाबतपुर में स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बेंगलुरु से आए इंडिगो के विमान का दरवाजा खोलने की कोशिश करने के आरोप में एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दऱअसल, शनिवार की रात IndiGo की एक फ्लाइट में ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने यात्रियों की धड़कनें तेज कर दीं। बेंगलुरु से वाराणसी जा रही फ्लाइट 6E-185 में एक यात्री ने लैंडिंग से ठीक पहले इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश कर दी। बाद में उसने अजीब दावा किया कि उस पर “भूत का साया” था। फ्लाइट ने रात करीब 8:15 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरी थी। इसमें उत्तर प्रदेश के मऊ जिले का रहने वाला मोहम्मद अदनान भी सवार था। अधिकारियों के मुताबिक, उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद ही उसने पहली बार इमरजेंसी दरवाज़े से छेड़छाड़ करने की कोशिश की। केबिन क्रू ने तुरंत स्थिति संभाली। उस समय अदनान ने इसे गलती बताया और उसे सख्त चेतावनी दी गई।
इसके बाद कुछ समय तक सब सामान्य रहा, लेकिन असली तनाव तब पैदा हुआ जब विमान वाराणसी पहुंचने वाला था। रात करीब 10:20 बजे, जब विमान जमीन से करीब 500 फीट ऊपर था, अदनान ने फिर वही हरकत दोहराई। इस बार हालात ज्यादा गंभीर थे। क्रू ने तुरंत पायलट को जानकारी दी, और पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए लैंडिंग रोक दी।
विमान को दोबारा ऊपर ले जाकर “गो-अराउंड” किया गया और करीब 15 मिनट बाद सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। यात्रियों ने राहत की सांस ली, लेकिन घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। लैंडिंग के तुरंत बाद अदनान को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया गया। Central Industrial Security Force (CISF) और पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पहले उसने कहा कि उसे खुद समझ नहीं आया कि उसने ऐसा क्यों किया, लेकिन बाद में उसने दावा किया कि वह किसी “अलौकिक असर” में था। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है। आरोपी के परिवार को भी सूचना दे दी गई है और वे वाराणसी पहुंच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जाएगी, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।