Edited By Radhika,Updated: 28 Mar, 2026 11:59 AM

दिल्ली एयरपोर्ट पर आज सुबह उस समय 'फुल इमरजेंसी' लागू की गई, जब विशाखापट्नस से दिल्ली आ रहे विमान का इंजन फेल होने की आशंका जताई गई। ऐसे हालात को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने कदम उठाते हुए तुरंत 'फुल इमरजेंसी' घोषित कर दी।
नेशनल डेस्क: दिल्ली एयरपोर्ट पर आज सुबह उस समय 'फुल इमरजेंसी' लागू की गई, जब विशाखापट्नस से दिल्ली आ रहे विमान का इंजन फेल होने की आशंका जताई गई। ऐसे हालात को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने कदम उठाते हुए तुरंत 'फुल इमरजेंसी' घोषित कर दी।
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की इस फ्लाइट के इंजन में खराबी के संकेत मिलते ही पायलट ने एटीसी (ATC) से संपर्क किया। रनवे नंबर 28 पर आपातकालीन लैंडिंग की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गईं। सुबह 10:54 बजे विमान ने रनवे पर सुरक्षित टचडाउन किया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर दमकल की गाड़ियां और एम्बुलेंस रनवे के पास तैनात रहीं।
सभी यात्री सुरक्षित
विमान में चालक दल के सदस्यों के अलावा कुल 161 यात्री सवार थे। लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। प्रारंभिक जांच और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।
इंडिगो ने शुरू की जांच
इंडिगो एयरलाइंस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि तकनीकी खराबी के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। विमान को फिलहाल ग्राउंडेड कर दिया गया है ताकि इंजीनियरिंग टीम इंजन की गहन जांच कर सके।