प्यार, धोखा और मौत... मंगेतर को जान से मारकर बताया हादसा, फिर ऐसा खुला राज

Edited By Updated: 23 Jun, 2026 05:52 PM

killed fiancée then claimed it was an accident

महाराष्ट्र के पुणे में रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में मंगलवार को सनसनीखेज खुलासा हुआ। पुलिस ने केतन की मंगेतर और उसके प्रेमी को, लोहागढ़ किले की खाई में उसे धक्का देकर उसकी हत्या करने और बाद में इसे दुर्घटना का...

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के पुणे में रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में मंगलवार को सनसनीखेज खुलासा हुआ। पुलिस ने केतन की मंगेतर और उसके प्रेमी को, लोहागढ़ किले की खाई में उसे धक्का देकर उसकी हत्या करने और बाद में इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 18 जून की है। शुरुआत में इसे लोहागढ़ किले से पैर फिसलने के कारण हुई दुर्घटना माना जा रहा था लेकिन गहन जांच में यह एक सुनियोजित हत्या की साजिश निकली। पुणे जिले के गहुंजे निवासी 26 वर्षीय केतन अग्रवाल अपने पारिवारिक रियल एस्टेट कारोबार में निदेशक थे। उनका शव 18 जून को लोहागढ़ किले के निकट एक गहरी खाई से बरामद किया गया था। तब पुलिस ने कहा था कि तेज हवाओं के बीच किले पर अपनी मंगेतर के साथ तस्वीरें खींचते समय केतन करीब 400 फुट गहरी खाई में गिर गए थे।

केतन की मंगेतर सिया गोयल ने लोनावला ग्रामीण पुलिस को बताया था कि किले में घूमने के दौरान केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गए। इसके आधार पर पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था। केतन और सिया की शादी इसी वर्ष होने वाली थी। दोनों परिवारों ने विवाह की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं और राजस्थान के उदयपुर में एक महल तक बुक कर लिया गया था।

पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। उन्होंने कहा, "हमारी टीम ने वित्तीय विवादों और व्यक्तिगत संबंधों समेत विभिन्न पहलुओं से जांच की। इसी दौरान पता चला कि सिया गोयल का पुणे के कोंढवा निवासी चेतन बाबूलाल चौधरी (22) के साथ प्रेम संबंध था।"

पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि सिया गोयल केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे अपने तथा चेतन के रिश्ते में बाधा मानती थी। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि साजिश के तहत सिया घूमने के बहाने केतन को लोहागढ़ किले पर ले गई। बाद में चेतन को भी वहां बुलाया गया और दोनों ने मिलकर कथित तौर पर केतन को खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

संदेह के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा ने सबसे पहले चेतन चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित रूप से स्वीकार किया कि केतन उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए उसने और सिया ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस ने बताया कि चेतन से मिली जानकारी के आधार पर सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक गिल ने कहा, "केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत के आधार पर लोनावला ग्रामीण पुलिस ने मंगलवार को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है।"

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़ी सभी कड़ियों को जोड़ने, फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने और इस साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका की जांच के लिए पड़ताल जारी है। लोहागढ़ किला मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण दुर्ग है। यह महाराष्ट्र के उन 12 किलों में शामिल है, जिन्हें यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में स्थान प्राप्त है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!