Edited By Yaspal,Updated: 03 Jul, 2021 06:23 AM

संसद का मानसून सत्र आगामी 19 जुलाई से आरंभ होगा और 13 अगस्त तक चलेगा। आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई है। लोकसभा और राज्यसभा दोनों की ओर से जारी आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं। संसद सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्ष
नई दिल्लीः संसद का मानसून सत्र आगामी 19 जुलाई से आरंभ होगा और 13 अगस्त तक चलेगा। आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई है। लोकसभा और राज्यसभा दोनों की ओर से जारी आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं। संसद सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्ष पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। मंहगाई के मोर्चे पर भी सरकार को विपक्ष से दो-दो हाथ करने होंगे। इसके अलावा कोरोना में मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग भी संसद में उठाई जा सकती है।
बताते चलें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कोविड वैक्सीन को लेकर भी सरकार की अलोचना की है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि जुलाई आ गई, लेकिन वैक्सीन नहीं आई।
लोकसभा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है, ‘‘17वीं लोकसभा का छठा सत्र 19 जुलाई (सोमवार) को आरंभ होगा। सत्र का समापन 13 अगस्त (शुक्रवार) को हो सकता है।
राज्यसभा के आधिकारिक आदेश में कहा गया है, ‘‘राष्ट्रपति ने राज्यसभा की बैठक को 19 जुलाई को आहूत किया है। सत्र का समापन 13 अगस्त को होना है।'' अधिकारियों ने बताया कि मानसून सत्र का आयोजन कोविड संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए होगा और सामाजिक दूरी का ख्याल रखा जाएगा। दोनों सदनों की बैठक एक ही समय पर होगी।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, लोकसभा के 444 और राज्यसभा के 218 सदस्यों को टीके की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है। राज्यसभा की ओर से बताया गया है कि इस सत्र में कुल 19 बैठकें होंगी।