एक ही ट्रैक पर दौड़ेंगी 'नमो भारत' और 'मेरठ मेट्रो', PM मोदी आज 12,930 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

Edited By Updated: 22 Feb, 2026 01:05 AM

namo bharat and metro will run on the same track in meerut

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और इस दौरान वह 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को उद्घाटन करेंगे।

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और इस दौरान वह 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को उद्घाटन करेंगे।

मोदी ने शनिवार की रात सोशल मीडिया एक्स पर कहा, 'उत्तर प्रदेश समेत देशभर में रेल सम्पर्क के तेज विस्तार के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। इसी दिशा में कल दोपहर करीब 12:30 बजे मेरठ में देश की सबसे तेज मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन के उद्घाटन का सौभाग्य मिलेगा। इसके बाद नमो भारत क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट प्रणाली के दूसरे खंडों के शुभारंभ के साथ ही दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे को राष्ट्र को समर्पित करूंगा। इस दौरान कई विकास परियोजनाओं को शुरू करने का भी सुअवसर मिलेगा।'

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार मोदी राष्ट्र को 82 किलोमीटर लंबा दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर समर्पित करेंगे। वह भारत की पहली नमो भारत क्षेत्रीय तीव्र परिवहन प्रणाली के शेष खंडों का उद्घाटन करेंगे। इनमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच पांच किलोमीटर का खंड तथा उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर का खंड शामिल है। नमो भारत 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के लिए डिजायइन देश की पहली क्षेत्रीय तीव्र परिवहन प्रणाली है। यह दिल्ली को साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्रों से तेज गति से जोड़ेगी।

कॉरिडोर का प्रारंभिक स्टेशन सराय काले खां इस उद्घाटन के साथ चालू होने वाले चार नमो भारत स्टेशनों में से एक है। यह एक प्रमुख बहु-मोडल हब के रूप में रणनीतिक रूप से स्थित है, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड से सुगमता से जुड़ा है। इसके अतिरिक्त शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम ये तीन अन्य नमो भारत स्टेशन मेरठ में चालू किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवाओं का भी उद्घाटन करेंगे, जो नमो भारत के साथ साझा अवसंरचना पर संचालित होंगी। यह देश में अपनी तरह की पहली पहल है। मेरठ मेट्रो लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति के साथ भारत की सबसे तेज मेट्रो प्रणाली होगी।

मेट्रो सभी निर्धारित स्टॉपेज के साथ पूरे मार्ग को मात्र 30 मिनट में पूरा करेगी। नमो भारत और मेरठ मेट्रो का एक ही अवसंरचना पर यह निर्बाध एकीकरण उच्च गति वाली अंतर-शहरी यात्रा तथा तीव्र आंतरिक शहर आवागमन सुनिश्चित करेगा और भारत में एकीकृत शहरी एवं क्षेत्रीय परिवहन का नया मानक स्थापित करेगा। इससे सड़क यातायात में कमी आएगी और वाहन जनित कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी होगी। ये परियोजनाएं शहरी गतिशीलता को परिवर्तित करने तथा नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने के लिए निर्बाध, कुशल, आधुनिक और सतत सार्वजनिक परिवहन प्रणाली सुनिश्चित करने की प्रधानमंत्री की परिकल्पना को और बल प्रदान करेंगी।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!