बैकाल झील पर बड़ा हादसा, चीनी पर्यटकों से भरी बस बर्फ में धंसी, 8 लोगों की दर्दनाक मौत

Edited By Updated: 22 Feb, 2026 06:06 AM

bus carrying chinese tourists sinks into ice on lake baikal killing 8 people

चीनी पर्यटकों को ले जा रही एक बस रूस की बैकाल झील की बर्फ में धंस गई, जिससे आठ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मास्कोः रूस के साइबेरिया इलाके में स्थित दुनिया की सबसे गहरी झील Lake Baikal में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बर्फीली सतह पर चल रही एक टूरिस्ट बस अचानक बर्फ टूटने से झील में समा गई। इस हादसे में आठ पर्यटकों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, मृतक पर्यटक चीनी नागरिक बताए जा रहे हैं।

तीन मीटर चौड़ी दरार में गिरी बस

रूस के आपातकालीन मंत्रालय की क्षेत्रीय शाखा ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बस बर्फ में बनी करीब तीन मीटर चौड़ी दरार (आइस फिशर) में गिर गई और देखते ही देखते पानी में डूब गई। बचाव दल ने अंडरवॉटर कैमरे की मदद से झील के भीतर जांच की। करीब 18 मीटर गहराई में बस मिली। जांच के दौरान आठ लोगों के शव बरामद किए गए।

एक पर्यटक ने बचाई जान

इरकुत्स्क क्षेत्र के गवर्नर Igor Kobzev ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक पर्यटक बस के पूरी तरह डूबने से पहले बाहर निकलने में सफल रहा। हालांकि, बाकी लोग बस के अंदर ही फंसे रह गए और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पीड़ितों की राष्ट्रीयता को लेकर जानकारी

अधिकारियों ने मृतकों की राष्ट्रीयता का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया, लेकिन गवर्नर ने कहा कि वे विदेशी नागरिक थे। उन्होंने यह भी बताया कि पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना (PRC) के वाणिज्य दूतावास को इस घटना की सूचना दे दी गई है।

बैकाल झील: दुनिया की सबसे गहरी झील

लेक बैकाल दुनिया की सबसे गहरी और प्राचीन मीठे पानी की झील मानी जाती है। यह मंगोलिया के उत्तर में स्थित है और साइबेरिया का प्रमुख पर्यटन स्थल है। सर्दियों में झील की सतह पूरी तरह जम जाती है। बर्फ के नीचे फंसी लहरों की वजह से अनोखी आवाजें आती हैं और पारदर्शी, क्रिस्टल जैसी बर्फ की परतें बनती हैं, जो पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। खासकर चीन से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां घूमने आते हैं।

निर्धारित बर्फीले रास्तों से हटकर चलाना था मना

सर्दियों के दौरान प्रशासन झील की जमी हुई सतह पर विशेष “आइस रोड” बनाता है। इन रास्तों की नियमित निगरानी की जाती है और मौसम की स्थिति के अनुसार ही कुछ खास प्रकार के वाहनों को चलाने की अनुमति दी जाती है। इन निर्धारित रास्तों के अलावा झील की बर्फ पर वाहन चलाना आधिकारिक रूप से प्रतिबंधित है।

जांच के आदेश, आपराधिक मामला दर्ज

गवर्नर इगोर कोबजेव ने बताया कि जिस रास्ते से बस गुजर रही थी, उसे आधिकारिक तौर पर उपयोग के लिए मंजूरी नहीं दी गई थी। इस घटना को लेकर आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि बस प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे पहुंची और सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!