Edited By Anu Malhotra,Updated: 30 Mar, 2026 10:21 AM

महाराष्ट्र में विपक्षी दलों ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन और विशेष सहायता मंत्री नरहरी झिरवाल का एक कथित अश्लील वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग की है।
नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र में विपक्षी दलों ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन और विशेष सहायता मंत्री नरहरी झिरवाल का एक कथित अश्लील वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग की है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि किसी भी कारर्वाई से पहले वीडियो की प्रामाणिकता की जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने खुलासा किया कि झिरवाल ने खुद उन्हें फोन कर दावा किया है कि यह क्लिप तीन से चार अलग-अलग वीडियो को भ्रामक तरीके से जोड़कर बनाई गई है।
उन्होंने मामले की उचित जांच का अनुरोध किया है, जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। फडणवीस ने कहा कि सत्यता की पुष्टि के बाद पार्टी नेता सुनेत्रा पवार के साथ परामर्श कर उचित निर्णय लिया जाएगा। कथित तौर पर झिरवाल सरकारी निवास पर शूट किए गए इस वीडियो में वे पारंपरिक वेशभूषा में दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ दिख रहे हैं, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि इसे किसने और कब जारी किया। दूसरी ओर, विधायक अमोल मिटकरी ने इस वीडियो के समय और मंशा पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित और 'पूर्व नियोजित' बताया है।
मिटकरी ने आरोप लगाया कि यह क्लिप आठ महीने पुरानी है और इसे जानबूझकर विधायी सत्र समाप्त होने के तुरंत बाद प्रसारित किया गया है ताकि ‘कैप्टन खरात' विवाद से ध्यान भटकाया जा सके। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई अन्य व्यक्तियों की भी उसी ट्रांसजेंडर व्यक्ति के साथ तस्वीरें हैं जो वीडियो में दिख रहा है।
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने को बताया, "नैतिक आधार पर मंत्री नरहरी झिरवाल को इस्तीफा दे देना चाहिए।" शिवसेना और राकांपा भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में सहयोगी हैं। आदिवासी नेता झिरवाल नासिक जिले के दिंडोरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। विपक्षी दलों ने कहा है कि विवादित वीडियो में खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री झिरवाल अपने आधिकारिक आवास पर 'उभयलिंगी व्यक्ति' के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं, और आरोप लगाया है कि यह घटना महाराष्ट्र की राजनीति में नैतिक पतन को दर्शाती है। कांग्रेस ने मंत्री के "अश्लील और अनैतिक व्यवहार" के लिए उन्हें बर्खास्त करने की मांग की है।
हालांकि, झिरवाल ने दावा किया कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है यह AI द्वारा बनाया गया है और कोई उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा है। पिछले महीने मंत्री तब सुर्खियों में आए थे, जब उनके विभाग का एक अधिकारी कथित तौर पर रिश्वत लेते पकड़ा गया था।