Edited By Pardeep,Updated: 24 May, 2026 05:51 AM

अमेरिकी सत्ता के केंद्र 'व्हाइट हाउस' के पास शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब इलाके में जबरदस्त गोलीबारी हुई। जिस समय गोलियां चलीं, उस वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के भीतर ही मौजूद थे और ईरान के साथ एक महत्वपूर्ण समझौते को लेकर काम कर...
वाशिंगटन: अमेरिकी सत्ता के केंद्र 'व्हाइट हाउस' के पास शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब इलाके में जबरदस्त गोलीबारी हुई। जिस समय गोलियां चलीं, उस वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के भीतर ही मौजूद थे और ईरान के साथ एक महत्वपूर्ण समझौते को लेकर काम कर रहे थे।
20 से 25 राउंड चलीं गोलियां, जान बचाकर भागे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुई इस फायरिंग से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। एक कनाडाई पर्यटक रीड एड्रियन ने बताया कि उन्होंने लगभग 20 से 25 गोलियों की आवाज सुनी, जो शुरू में पटाखों जैसी लगीं, लेकिन शोर सुनते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। व्हाइट हाउस के 'नॉर्थ लॉन' में मौजूद पत्रकारों को तुरंत प्रेस ब्रीफिंग रूम के भीतर शरण लेने का आदेश दिया गया। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी करने वाला संदिग्ध हमलावर यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस के जवानों की जवाबी कार्रवाई घायल हो गया है और उसे अस्पताल ले गया है।
कैमरे में कैद हुई गोलियों की गूंज
एबीसी न्यूज की संवाददाता सेलिना वांग उस समय सोशल मीडिया के लिए एक वीडियो रिकॉर्ड कर रही थीं, जब अचानक गोलियां चलने लगीं। उनके वीडियो में दर्जनों गोलियों की आवाजें कैद हुई हैं और खुद को बचाने के लिए उन्हें जमीन पर लेटना पड़ा।
FBI और नेशनल गार्ड ने संभाला मोर्चा
घटना के तुरंत बाद FBI और सीक्रेट सर्विस की टीमों ने पूरे व्हाइट हाउस परिसर को अपनी सुरक्षा घेरे में ले लिया। एफबीआई निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि उनकी टीम सीक्रेट सर्विस की मदद के लिए मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर नेशनल गार्ड के जवानों ने भी पूरे डाउनटाउन वाशिंगटन के रास्तों को ब्लॉक कर दिया है।
ट्रंप पर चौथा हमला? सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
गौरतलब है कि 79 वर्षीय डोनाल्ड ट्रंप पहले भी तीन बार कथित हत्या के प्रयासों का निशाना बन चुके हैं। सबसे हालिया घटना 25 अप्रैल को हुई थी जब एक हथियारबंद व्यक्ति ने उस मीडिया गाला के पास सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की थी जहां ट्रंप मौजूद थे। वर्तमान में सीक्रेट सर्विस इस ताज़ा घटना के बारे में और अधिक जानकारी जुटा रही है।