Edited By Pardeep,Updated: 06 Jun, 2026 12:12 AM

राजस्थान के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ और परिसंचरण तंत्र के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है।
नेशनल डेस्कः राजस्थान के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ और परिसंचरण तंत्र के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण राज्य में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, राज्य के अलग-अलग जिलों में दीवार गिरने और अन्य हादसों में एक महिला समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है।
हादसों में गई चार जानें
आंधी और बारिश के कारण जनहानि की सबसे दुखद खबरें धौलपुर, भरतपुर और भीलवाड़ा जिलों से आई हैं।
- भरतपुर: झोरोल गांव में देर रात हुई भारी बारिश के कारण एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिर गई। इस हादसे में 55 वर्षीय इंदिरा देवी की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि उनका दिव्यांग बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
- धौलपुर: बसेड़ी इलाके में दो भाई, रामफूल सिंह और समय सिंह, अपनी बकरियां चराकर लौट रहे थे। तेज आंधी से बचने के लिए वे एक दीवार के सहारे रुक गए, लेकिन वही दीवार उन पर गिर गई। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
- भीलवाड़ा: बिजोलिया में भी इसी तरह के एक हादसे में 45 वर्षीय देवीलाल धाकड़ की जान चली गई।
स्कूल की छत गिरी, कई मकान क्षतिग्रस्त
तेज आंधी का असर इमारतों पर भी देखने को मिला है। बीकानेर में एक सरकारी स्कूल की छत गिर गई, हालांकि गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक, कई अन्य इलाकों में भी कच्चे और पुराने मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में सर्वाधिक बारिश
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक 75 मिलीमीटर (मिमी) बारिश बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में हुई है।
अगले तीन दिन और सताएगा मौसम, फिर चलेगी लू
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य में आंधी और बारिश की गतिविधियां आगामी दो से तीन दिनों तक जारी रह सकती हैं। हालांकि, 8 जून से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। विभाग के मुताबिक, 8 जून से बारिश में कमी आएगी और तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 8 से 11 जून के दौरान भीषण गर्मी और लू (Loo) चलने का अनुमान है, जहां पारा 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।