जब कांग्रेस की सरकार आती है तब नक्सलवाद आता है : अमित शाह

Edited By shukdev,Updated: 07 Mar, 2019 11:10 PM

naxalism comes when congress government comes in amit shah

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने वीरवार को कहा कि जब कांग्रेस की सरकार आती है तब नक्सलवाद आता है और जब कांग्रेस की सरकार जाती है तब नक्सलवाद चला जाता है। राज्य में पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली शिकस्त के बाद और आगामी लोकसभा चुनाव से पहले...

रायपुर: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने वीरवार को कहा कि जब कांग्रेस की सरकार आती है तब नक्सलवाद आता है और जब कांग्रेस की सरकार जाती है तब नक्सलवाद चला जाता है। राज्य में पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली शिकस्त के बाद और आगामी लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष का छत्तीसगढ़ का यह पहला दौरा है। शाह ने रायपुर शहर के इंडोर स्टेडियम में पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में जब नक्सलवाद का जन्म हुआ, तब कांग्रेस की सरकार थी। 

आंध्रप्रदेश में नक्सलवाद बढ़ा, तब कांग्रेस की सरकार थी। जब नक्सलवाद आंध्रप्रदेश से छत्तीसगढ़ पहुंचा, तब कांग्रेस की सरकार थी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में नक्सलवाद तब गया (कमजोर हुआ), जब वहां से कांग्रेस की सरकार गई। आंध्र से नक्सलवाद तब गया, जब वहां से कांग्रेस की सरकार गई और छत्तीसगढ़ में भी नक्सलवाद तब समाप्त हुआ, जब राज्य में भाजपा की रमन सिंह की सरकार आई। जब कांग्रेस (सरकार) आती है तब नक्सलवाद आता है और जब कांग्रेस (सरकार) जाती है तब नक्सलवाद जाता है।  शाह ने पूछा कि ऐसा क्यों होता है। (इन दोनों के बीच) क्या रिश्ता है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में कुछ देश विरोधी तत्वों ने जब नारे लगाए थे कि भारत तेरे टुकड़े होंगे, तब उनके समर्थन में कांग्रेस अध्यक्ष (राहुल गांधी) खड़े हुए थे, जो यह दिखाता है कि उनकी प्रतिबद्धता क्या है। 

शाह ने कहा, ‘राहुल गांधी पूछते हैं कि केंद्र की नरेंद्र मोदी नीत सरकार ने क्या किया है। मैं कहना चाहूंगा कि कांग्रेस की सरकार ने जो 55 वर्ष में नहीं किया, वह नरेंद्र मोदी की 55 माह की सरकार ने कर दिखाया है। देश में 10 वर्ष तक संप्रग की सरकार थी। उस दौरान पाकिस्तान से घुसपैठ होती थी और जवानों के सर काट लिए जाते थे। उन्हें अपमानित करते थे और कोई जवाब देने वाला नहीं था।’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन जब उरी में हमला हुआ, तब हमने सर्जिकल स्ट्राइक किया। और जब पुलवामा में हमला हुआ, तब एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान में आतंकियों के अड्डों के परखच्चे उड़ाने का काम भाजपा की नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया।’

 भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एयर स्ट्राइक और र्सिजकल स्ट्राइक होने से पहले पूरी दुनिया में केवल दो ही देश (अमरीका और इजराइल) थे, जो अपने शहीद सैनिकों का बदला लेते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन देशों की सूची में तीसरा नाम ‘भारत’ का जोड़ दिया है। शाह ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाए जाने के विषय पर कहा कि वहां राम जन्मभूमि पर जल्द से जल्द भव्य मंदिर बनाने के लिए भाजपा कटिबद्ध है और हम उसे बना कर रहेंगे। लेकिन उच्चतम न्यायालय में कांग्रेस के वकील खड़े हो जाते हैं और इस मामले पर तारीख पर तारीख मांगते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में जो महागठबंधन बना है उसके नेताओं को लोकसभा चुनाव से पहले स्पष्ट करना चाहिए कि अयोध्या में उस स्थान पर राम का मंदिर बनाए जाने के लिए वे तैयार हैं, या नहीं। 

शाह ने कहा,‘हम एनआरसी लेकर आए जिसमें घुसपैठियों को देश से बाहर निकालने की व्यवस्था है। 40 लाख घुसपैठियों को प्रथम दृष्टया चिह्नित करने का काम किया गया है।’ उन्होंने राज्य की कांग्रेस की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने सत्ता में आने पर आयुष्मान भारत योजना को हटा दिया गया। जब कांग्रेस की सरकार नहीं बनी थी तब से घोटाले की तैयारी कर ली गई थी, इसीलिए छत्तीसगढ़ में सीबीआई को आने से रोक लगाई गई है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के साथ धोखा किया है।

किसानों से कहा गया था कि उनका पूरा कर्ज माफ किया जाएगा। लेकिन अल्पकालीन ऋण भी आधा अधूरा माफ किया गया है। धान खरीद भी ठप पड़ा हुआ है। शराबबंदी की बात कही गई थी लेकिन अब कहा जा रहा है कि यह सरल काम नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर शुरू की गई योजनाओं के नाम बदल दिए। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में मिली हार पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की हार के आधार पर आगामी चुनाव का आकलन नहीं करें क्योंकि यह पार्टी 10 लोगों से शुरू हुई थी और आज यह दल दुनिया का सबसे का बड़ा संगठन है।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!