Edited By Khushi,Updated: 09 Apr, 2026 10:33 AM

West Bengal News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बीते बुधवार को पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया और पश्चिम बंगाल से टीएमसी को जड़ से हटाकर, राज्य में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।...
West Bengal News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बीते बुधवार को पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया और पश्चिम बंगाल से टीएमसी को जड़ से हटाकर, राज्य में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर भाजपा सांसद मनोज तिग्गा, अलीपुरद्वार से भाजपा प्रत्याशी परितोष दास सहित अन्य पदाधिकारी व नेतागण उपस्थित रहे।
"ममता बनर्जी की सरकार में लगा ग्रहण, सबसे बड़ा ग्रहण"
नितिन नवीन ने कहा कि आज पश्चिम बंगाल के घर-घर से एक ही आवाज आ रही है कि इस बार हमको भाजपा का कमल निशान चाहिए और राज्य तथा देश की सुरक्षा चाहिए। पश्चिम बंगाल के लोगों के प्रति माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मन में एक विशेष स्थान है। पश्चिम बंगाल एक समय भारत का गर्व था, जहां विकास, व्यापार, उद्योग, कला और संस्कृति की समृद्ध परंपरा थी, लेकिन इन सभी क्षेत्रों पर लंबे समय तक यहां की सत्ता में बैठे लोगों ने ग्रहण लगाने का कार्य किया है। पहले पश्चिम बंगाल पर कांग्रेस का ग्रहण लगा, फिर लेफ्ट का ग्रहण लगा और अब टीएमसी के लोगों ने भी बंगाल की विरासत और संस्कृति पर ग्रहण लगाने का कार्य किया। ममता बनर्जी की सरकार में लगा ग्रहण, सबसे बड़ा ग्रहण है। पश्चिम बंगाल की आत्मा, पहचान और जनसांख्यिकी को तृणमूल सरकार ने गंभीर रूप से प्रभावित किया है और अब ममता बनर्जी की सरकार को पूरी तरह से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।
"आज पश्चिम बंगाल में मां, माटी और मानुष तीनों असुरक्षित"
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि एक समय था जब, ममता बनर्जी मां, माटी और मानुष की बात करती थीं, लेकिन उनके सत्ता में आने के बाद बंगाल में मां और बेटी कितनी असुरक्षित हैं, यह संदेशखाली से लेकर आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले तक और पार्क स्ट्रीट से कामटूनी तक पूरे देश ने देखा है। पश्चिम बंगाल की माटी और जनसांख्यिकी को किस प्रकार बिगाड़ने का काम किया गया है, पश्चिम बंगाल के लोगों का हक बांग्लादेशी घुसपैठियों को देने का जो कार्य ममता बनर्जी की सरकार ने किया है, वो भी देश देख रहा है। आज बंगाल के लोगों का हक छीनकर जिन बांग्लादेशी घुसपैठियों को दिया गया है, उसे माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में बनने वाली डबल इंजन की सरकार जनसांख्यिकी को सुधारने का काम करेगी और इन घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर निकालेगी। आज पश्चिम बंगाल में मां, माटी और मानुष तीनों असुरक्षित हैं। नवीन ने कहा कि आज पश्चिम बंगाल में श्रमिक भाई बेहद कठिन परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं। देश के अन्य हिस्सों में श्रमिकों को ₹500 से अधिक दैनिक वेतन मिलता है, लेकिन पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर श्रमिकों को ₹150 से ₹200 प्रतिदिन पर काम करना पड़ता है और इसके बावजूद राज्य सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है।
"BJP और NDA की सरकार बनने के बाद भाईपो कट पूरी तरह से बंद होगा"
नितिन नवीन ने कहा कि इस टीएमसी के माफिया राज, महिलाओं पर अत्याचार, तुष्टीकरण व करप्शन की सरकार और कट मनी वाली सरकार को उखाड़ फेंकना है, तभी राज्य में शांति आएगी और विकास के नए द्वार खुलेंगे। टीएमसी के लोगों ने पश्चिम बंगाल के विकास के बजाय घोटालों की बड़ी फेहरिस्त खड़ी कर दी है, वहीं शारदा घोटाला, नारदा घोटाला, शिक्षक भर्ती घोटाला, एसएससी घोटाला, राशन घोटाला, नगर पालिका भर्ती घोटाला और कोयला तस्करी घोटाले जैसे कई मामले सामने आए हैं। यहां तक कि राहत सामग्री में लूट का घोटाला भी ममता बनर्जी की निर्मम सरकार ने किया है। ममता बनर्जी के भतीजे का तथाकथित भाईपो विकास मॉडल केवल गरीबों से पैसे की वसूली और कट मनी के जरिए लोगों का शोषण करने का माध्यम बन गया है। भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार बनने के बाद भाईपो कट पूरी तरह से बंद होगा और ऐसे भाईपो जेल के अंदर होंगे, इसे कोई रोक नहीं सकता।
"भाजपा की प्रतिबद्धता घर-घर में रोशनी और विकास पहुंचाने की है"
नितिन नवीन ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार में अलीपुरद्वार में विकास नहीं बल्कि विनाश आया है और यहां से प्रकाश के बजाय अंधकार मिल रहा है। इस अलीपुरद्वार को बदलकर ऐसा नाम दिया जाएगा जो विकास के द्वार खोले और हर घर में प्रकाश पहुंचाने का काम करे। भाजपा की प्रतिबद्धता घर-घर में रोशनी और विकास पहुंचाने की है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। यही पश्चिम बंगाल, जिसने वंदे मातरम का सृजन किया और अंग्रेजों को बाहर करने का मार्ग दिखाया, उसी वंदे मातरम का अपमान यहां टीएमसी के सांसदों द्वारा किया गया है। जिन लोगों ने वंदे मातरम का अपमान किया है, उन लोगों के खिलाफ, उनकी मानसिकता के खिलाफ आवाज उठानी है। जिस वंदे मातरम ने अंग्रेजों से मुक्ति दिलाई, उसी की आवाज को गुंजायमान करते हुए पश्चिम बंगाल की जनता को टीएमसी की सरकार से मुक्ति दिलानी है। माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अलीपुरद्वार की जनता से अपील करते हुए स्थानीय भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने और राज्य में तृणमूल सरकार को उखाड़ फेंकने व भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने की अपील की।