Edited By Ramkesh,Updated: 07 Jul, 2026 02:37 PM

वायनाड में मेप्पाडी के पास कल्लाडी में मंगलवार को बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ और 15 लोगों इसके मलबे में फंस गए। अधिकारियों के अनुसार, यह भूस्खलन कल्लाडी में मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जहां मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली सुरंग सड़क परियोजना का...
नेशनल डेस्क: वायनाड में मेप्पाडी के पास कल्लाडी में मंगलवार को बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ और 15 लोगों इसके मलबे में फंस गए। अधिकारियों के अनुसार, यह भूस्खलन कल्लाडी में मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जहां मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली सुरंग सड़क परियोजना का काम चल रहा था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद कल्पेट्टा से दमकल सेवा के कर्मी मौके पर पहुंच राहत बचाव शुरू किया गया है।
भूस्खलन पर केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने कहा कि एक व्यक्ति की मौत की खबर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सात लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सात लोग लापता हैं। पुलिस और दमकल विभाग वहां सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और ज़िला कलेक्टर ने 20 जून को टनल कंस्ट्रक्शन साइट से मिट्टी हटाने का आदेश दिया था। टनल बनाने वाले कॉन्ट्रैक्टर ने साइट से मिट्टी हटाने के जिला कलेक्टर के आदेश का पालन नहीं किया। हम रेस्क्यू ऑपरेशन में तालमेल बिठाने के लिए दो मंत्रियों को मौके पर भेज रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय हालात पर नज़र रखेगा।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय निवासियों ने घटनास्थल से तीन लोगों को बचाया है। यह वह स्थान है, जहां सुरंग परियोजना से जुड़े श्रमिक रह रहे थे। उन्होंने बताया कि इलाके में कुछ मकान और होमस्टे भी हैं। इसके अलावा, भूस्खलन में सुरंग परियोजना के कर्मचारियों को लाने-ले जाने वाले कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। बचाव अभियान के लिए पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों को भी तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मंत्री टी. सिद्दीक और जिला कलेक्टर तलाशी अभियान की निगरानी कर रहे हैं तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि प्रभावित क्षेत्र में और कितने लोग फंसे हुए हैं। मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली अनक्कमपोयिल-मेप्पाडी परियोजना पर काम पिछले साल शुरू हुआ था।