Edited By Anu Malhotra,Updated: 06 Jul, 2026 02:23 PM

मुंबई और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश को देखते हुए सोमवार (6 जुलाई, 2026) को महाराष्ट्र विधान परिषद की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। उच्च सदन की कार्यवाही स्थगित होने से पहले, आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि मुंबई और आस-पास...
Maharashtra Rain Havoc: महाराष्ट्र में लगातार हो रही तेज बारिश ने सोमवार को हालात और गंभीर कर दिए। खासकर मुंबई और पुणे के बीच सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई जगहों पर लैंडस्लाइड होने से रेलवे ट्रैक और सड़कों पर मलबा आ गया, जिसके कारण ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी और एक्सप्रेसवे भी बंद करना पड़ा। मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मुंबई और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश को देखते हुए सोमवार (6 जुलाई, 2026) को महाराष्ट्र विधान परिषद की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। उच्च सदन की कार्यवाही स्थगित होने से पहले, आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि मुंबई और आस-पास के पालघर और रायगढ़ ज़िलों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है और पिछले तीन-चार दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 13 लोगों की मौत हुई है।
IMD का अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट और पुणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ समय तक तेज बारिश जारी रह सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड का खतरा बना रहेगा।
रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड, 16 ट्रेनें रद्द
लगातार बारिश के कारण कर्जत-लोनावला घाट सेक्शन में कई स्थानों पर पहाड़ी से मलबा रेलवे ट्रैक पर आ गिरा। ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के बीच हुए भूस्खलन से रेलवे की अप, डाउन और मध्य लाइन तीनों प्रभावित हुईं। इसके चलते रेलवे को कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कई लंबी दूरी की ट्रेनों का रूट बदलना पड़ा या उनके समय में बदलाव किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कम से कम 16 ट्रेनें रद्द की गईं, जबकि 9 ट्रेनों को दूसरे मार्ग से चलाया गया। इसके अलावा कई ट्रेनों को बीच के स्टेशनों से ही शुरू या समाप्त किया गया। रेलवे की टीमें लगातार ट्रैक से मलबा हटाने और सेवाएं बहाल करने में जुटी हुई हैं।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और हाईवे पर आवाजाही बंद
भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों में यातायात रोक दिया गया। खोपोली के पास सुरंग के बाहर पहाड़ी से मलबा गिरने के बाद वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा गया। वहीं पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर कई स्थानों पर पानी भर जाने से यातायात लगभग ठप हो गया। मावल, ताम्हिनी घाट और खंडाला घाट जैसे इलाकों में भी जलभराव और भूस्खलन की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से कुछ हिस्सों को अस्थायी रूप से बंद रखा।
प्रशासन की अपील-जरूरी न हो तो यात्रा टालें
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता, तब तक मुंबई और पुणे के बीच यात्रा करने से बचें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक और ट्रेन की ताजा जानकारी जरूर जांच लें। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) ने भी बताया कि सुरक्षा को देखते हुए सुबह से ही ट्रैफिक को दूसरे रास्तों की ओर मोड़ा गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुणे में लैंडस्लाइड से घर दबा, एक की मौत
पुणे जिले के एक गांव में तेज बारिश के बाद हुए लैंडस्लाइड में एक मकान पूरी तरह मलबे में दब गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF, स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर मौजूद हैं और लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
फंसी बस से 37 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
पुणे जिले के घोरावाड़ी रेलवे स्टेशन के पास भारी जलभराव के कारण एक निजी बस बीच रास्ते में फंस गई। सूचना मिलने पर NDRF की टीम मौके पर पहुंची और बस में सवार सभी 37 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित
भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर जिलों के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों तथा कॉलेजों में एहतियातन अवकाश घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों से मौसम विभाग और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।