Edited By Pardeep,Updated: 05 Sep, 2026 10:05 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (5 सितंबर, 2026) को श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में संबोधन के दौरान विपक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि सच की हुंकार के आगे झूठ की गूंज टिक...
नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (5 सितंबर, 2026) को श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में संबोधन के दौरान विपक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि सच की हुंकार के आगे झूठ की गूंज टिक नहीं पाएगी और वह इस 'माई-बाप' कल्चर को सपोर्ट करने वालों के सामने चट्टान की तरह खड़े हैं।
'माई-बाप' कल्चर के खिलाफ चट्टान बनकर खड़े हैं मोदी
पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग देश के करोड़ों गरीबों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने की कोशिशों का भी विरोध कर रहे थे। उन्होंने कहा, "ऐसे लोगों को ग्लास आधा भरा हुआ देखने में ही मजा आता है, ताकि देश के आम गरीब लोग उन पर निर्भर रहें"। पीएम मोदी ने इसे दशकों पुराना ‘माई-बाप’ कल्चर करार दिया।
2014 के बाद बदला 'कुआं खोदने' का पुराना स्टाइल, अब दिख रही 'मेक इन इंडिया' की ब्रांड वैल्यू
लंबे समय तक देश पर राज करने वालों के रवैये पर कटाक्ष करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनका स्टाइल "आग लगने पर ही जागना और सूखा पड़ने पर ही कुआं खोदना" था। उन्होंने कहा कि 2014 में सरकार बनने के बाद उन्होंने इस पुराने अप्रोच को पूरी तरह से बदल कर दिखाया है। साल 2013 के अपने भाषण को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उस समय के इकोसिस्टम के लोग 'मेड इन इंडिया' का मजाक उड़ाते थे और इसे नामुमकिन मानते थे, लेकिन आज पूरी दुनिया 'मेक इन इंडिया' की ब्रांड वैल्यू देख सकती है।
विकास कार्यों पर अड़ंगा लगाने वाले 'नाराज फूफा' को करारा जवाब
विपक्ष पर अपनी तीखी टिप्पणी में पीएम मोदी ने कहा कि देश में कुछ लोग 'नाराज फूफा' की तरह व्यवहार करते हैं, जिनका एकमात्र काम हर चीज पर “इसकी क्या जरूरत है!” कहना होता है। पीएम मोदी ने बताया कि जब देश में बुलेट ट्रेन, UPI, चिप, नई संसद, वीर सेना नायकों के मेमोरियल और दुनिया के सबसे बड़े स्टैच्यू का निर्माण हो रहा था, तब इन फूफाओं ने यही सवाल उठाए थे। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि भारत ने ऐसे सभी लोगों को जवाब दे दिया है कि जो देश के विकास के लिए जरूरी है, उसे करने से भारत को कोई रोक नहीं सकता।