Edited By Pardeep,Updated: 13 Mar, 2026 03:34 AM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 मार्च को असम के दौरे पर असम के कोकराझार, गुवाहाटी और सिलचर में 47,800 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मोदी 13 मार्च को दोपहर कोकराझार...
इंटरनेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 मार्च को असम के दौरे पर असम के कोकराझार, गुवाहाटी और सिलचर में 47,800 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मोदी 13 मार्च को दोपहर कोकराझार में 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मोदी शाम गुवाहाटी में लगभग 19,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
प्रधानमंत्री 14 मार्च की सुबह सिलचर में करीब 23,550 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मोदी कोकराझार में असम माला 3.0 परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। इस योजना के तहत करीब 3,200 करोड़ रुपये से राज्य में 900 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही बोडोलैंड क्षेत्र में लगभग 1,100 करोड़ रुपये की छह सड़क परियोजनाओं (चार फ्लाईओवर और दो पुल) की भी आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिनमें कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस शामिल हैं।
मोदी गुवाहाटी में चाय बागान श्रमिकों को भूमि पट्टे वितरित करेंगे, जिससे उन्हें घर बनाने के लिए भूमि अधिकार मिलेंगे। मोदी देशभर के 9.3 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त भी जारी करेंगे। इस योजना के तहत पात्र किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में 2,000 रुपये मिलते हैं। वह ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कोपिली जलविद्युत परियोजना, नुमालीगढ़-सिलीगुड़ी पाइपलाइन क्षमता विस्तार और उत्तर-पूर्व गैस ग्रिड के पहले चरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसके साथ ही मोदी कामाख्या रेलवे स्टेशन को कामाख्या मंदिर से जोड़ने वाली रोपवे परियोजना की आधारशिला रखेंगे और पीएम एकता मॉल का उद्घाटन भी करेंगे, जिससे स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलेगा। सिलचर में प्रधानमंत्री शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन करेंगे। लगभग 22,860 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह 166 किलोमीटर लंबा चार लेन हाई-स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर उत्तर-पूर्व का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे होगा।
इससे गुवाहाटी और सिलचर के बीच यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर लगभग 5 घंटे रह जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री सिलचर में एनएच-306 पर एलिवेटेड कॉरिडोर और करीमगंज जिले के पथारकंडी में नए कृषि महाविद्यालय की आधारशिला भी रखेंगे। सरकार के अनुसार इन परियोजनाओं से कनेक्टिविटी, ऊर्जा, पर्यटन, कृषि और रोजगार के क्षेत्रों में उत्तर-पूर्व के विकास को नई गति मिलेगी