Edited By Rohini Oberoi,Updated: 08 Mar, 2026 03:04 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली मेट्रो के बहुप्रतीक्षित पिंक लाइन (मजलिस पार्क-मौजपुर) और मजेंटा लाइन (दीपाली चौक-मजलिस पार्क) के नए खंडों का उद्घाटन किया। इसी के साथ दिल्ली की पिंक लाइन अब देश का पहला चालू रिंग मेट्रो (Circular Line)...
PM Modi Inaugurates : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली मेट्रो के बहुप्रतीक्षित पिंक लाइन (मजलिस पार्क-मौजपुर) और मजेंटा लाइन (दीपाली चौक-मजलिस पार्क) के नए खंडों का उद्घाटन किया। इसी के साथ दिल्ली की पिंक लाइन अब देश का पहला चालू रिंग मेट्रो (Circular Line) नेटवर्क बन गई है। इस विस्तार से उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी की एक नई लाइफलाइन शुरू हो गई है।
पिंक लाइन: देश की पहली रिंग मेट्रो
मजलिस पार्क से मौजपुर-बबरपुर के बीच 12.3 किमी लंबे इस खंड के शुरू होने से पिंक लाइन का घेरा पूरा हो गया है।
-
प्रमुख स्टेशन: इस एलिवेटेड सेक्शन में 9 स्टेशन शामिल हैं—मजलिस पार्क, बुराड़ी, जगतपुर-वज़ीराबाद, सूरघाट, सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बबरपुर।
-
इंजीनियरिंग का कमाल: इस कॉरिडोर में यमुना नदी पर एक नया पुल और एक 'डबल-डेकर वायडक्ट' बनाया गया है जिसके ऊपर मेट्रो चलेगी और नीचे गाड़ियों के लिए फ्लाईओवर होगा।
मजेंटा लाइन: अब और भी लंबी और ऊंची
PM मोदी ने मजेंटा लाइन के 9.9 किमी लंबे विस्तार (दीपाली चौक-मजलिस पार्क) का भी लोकार्पण किया।
-
कनेक्टिविटी: यह खंड मधुबन चौक, उत्तर पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर बादली मोड़ और भलस्वा जैसे इलाकों को जोड़ेगा।
-
ऊंचाई का रिकॉर्ड: इस कॉरिडोर के कुछ हिस्से 28.36 मीटर की ऊंचाई पर हैं जो इसे दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सबसे ऊंचे सेक्शन में से एक बनाते हैं। अब मजेंटा लाइन की कुल लंबाई करीब 49 किमी हो गई है।
फेज V-A: तीन नए कॉरिडोर की नींव
मेट्रो विस्तार को और गति देते हुए प्रधानमंत्री ने फेज V-A के तहत तीन नए रूटों का शिलान्यास किया:
-
रामकृष्ण आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ (9.9 किमी): यह पूरी तरह अंडरग्राउंड होगा और सेंट्रल विस्टा, इंडिया गेट और भारत मंडपम जैसे प्रमुख स्थलों को जोड़ेगा।
-
एरोसिटी-IGI टर्मिनल 1 (2.26 किमी): यह अंडरग्राउंड विस्तार 'गोल्डन लाइन' को घरेलू हवाई अड्डे के टर्मिनल से सीधा जोड़ेगा।
-
तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज (3.9 किमी): यह एलिवेटेड कॉरिडोर दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पहुंचना आसान बना देगा।
33,500 करोड़ की अन्य सौगातें: सरकारी कर्मचारियों को मिले नए घर
मेट्रो के अलावा PM ने दिल्ली में 15,200 करोड़ रुपये के पुनर्विकास कार्यों (GPRA प्रोग्राम) का भी उद्घाटन किया:
-
सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में 9,350 आधुनिक फ्लैट्स और 48 लाख वर्ग फुट ऑफिस स्पेस तैयार किया गया है।
-
कार्यक्रम से पहले PM ने सरोजिनी नगर में टाइप-5 क्वार्टर का दौरा किया और महिला आवंटियों को उनके नए घर की चाबियां सौंपीं।
मुख्यमंत्री का बयान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस विस्तार को पर्यावरण के अनुकूल बताते हुए कहा कि इससे सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा और प्रदूषण पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।