Edited By Anu Malhotra,Updated: 11 Aug, 2026 08:35 AM

मंगलवार तड़के महाराष्ट्र के सतारा जिले में पुणे-बेंगलुरु नेशनल हाईवे पर एक कार के रोड डिवाइडर से टकराने, पलटने और फिर एक ट्रक से टकराने से चार युवकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह हादसा खंडला तहसील के शिरवल में NH-48 की...
पुणे: मंगलवार तड़के महाराष्ट्र के सतारा जिले में पुणे-बेंगलुरु नेशनल हाईवे पर एक कार के रोड डिवाइडर से टकराने, पलटने और फिर एक ट्रक से टकराने से चार युवकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह हादसा खंडला तहसील के शिरवल में NH-48 की सतारा-पुणे लेन पर रात 1.10 बजे हुआ और इससे इस व्यस्त रास्ते पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
हाईवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "एक कार पुणे से सतारा की ओर जा रही थी, तभी ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिसके बाद वह दूसरी लेन में चली गई और एक ट्रक से टकरा गई।"
कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार चार दोस्तों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई:
वेदांत अर्जुन वारिंगे (19)
सोनलिंग धीरेंद्र ठाकुर (19)
निखिल बालू राउत (20)
आदित्य बालासाहेब गरुड़ (19)
अधिकारी ने बताया कि कार में सवार दो अन्य लोग, जिनकी उम्र 20 साल है और जो पुणे के कामशेत के रहने वाले हैं, घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को हटाया गया और हाईवे पर ट्रैफिक बहाल कर दिया गया।