शुद्धिकरण विवाद: राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज, जातिवादी टिप्पणी का आरोप, जानें पूरा मामला

Edited By Updated: 31 Aug, 2026 03:09 AM

purification controversy fir filed against rahul gandhi

उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कथित 'शुद्धिकरण' के मामले को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस...

हल्द्वानीः उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कथित 'शुद्धिकरण' के मामले को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हल्द्वानी के जवाहर नगर निवासी अमित कुमार की शिकायत पर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वाल्मीकि समुदाय से ताल्लुक रखने वाले अमित कुमार 'श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास' से जुड़े हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, शिकायत में राहुल गांधी को आरोपी बनाया गया है। अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने इस विवाद को लेकर अपनी टिप्पणी में यज्ञ कार्यक्रम को जातिगत रंग दिया और इससे जुड़े लोगों को 'छुआछूत मानने वाला' तथा 'दलित विरोधी' बताने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की टिप्पणी से वाल्मीकि समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। कुमार ने कहा कि कार्यक्रम में अनुसूचित जाति सहित विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए थे और इसका कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे या किसी व्यक्ति विशेष से कोई संबंध नहीं था।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और इनमें अलग-अलग समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से किए गए जानबूझकर कृत्यों से संबंधित प्रावधान शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इसके अलावा प्राथमिकी में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। इससे पहले कुमार ने शिकायत के साथ पुलिस को संबंधित प्रेस वार्ता की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पोस्ट और आठ व 11 अगस्त के कार्यक्रमों के फोटो-वीडियो पर संज्ञान लेने तथा संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने का अनुरोध किया था।

शिकायत की प्रतियां नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और अन्य अधिकारियों के साथ ही राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भी भेजी गई थी। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आठ अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की जनसभा के बाद 11 अगस्त को कुछ लोगों ने वहां कथित तौर पर 'शुद्धिकरण यज्ञ' किया था, जिसे लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया था। कांग्रेस जहां मामले को भाजपा की दलित विरोधी सोच बता रही है, वहीं भाजपा ने यह कहते हुए इसका बचाव किया कि खरगे की जनसभा की दौरान गंदगी हुई और ऐसे नारे लगे जो धार्मिक स्थान पर नहीं लगने चाहिए थे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!