Edited By Parveen Kumar,Updated: 11 Feb, 2026 05:46 PM

बिहार की राजधानी पटना के कदम कुआं इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पटना हाई कोर्ट की एक वरिष्ठ महिला अधिवक्ता का अधजला शव उनके ही आवास से बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे घर को घेरकर जांच शुरू कर दी।...
नेशनल डेस्क : बिहार की राजधानी पटना के कदम कुआं इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पटना हाई कोर्ट की एक वरिष्ठ महिला अधिवक्ता का अधजला शव उनके ही आवास से बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे घर को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसके बाद पुलिस हर एंगल से जांच में जुट गई है।
घर के भीतर मिला शव, अकेले रहती थीं अधिवक्ता
मृतका की पहचान इंदिरा लक्ष्मी के रूप में हुई है, जिनकी उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है। वह राजेंद्र नगर रोड नंबर-2 स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। बुधवार को उनका शव घर के अंदर जली हुई अवस्था में पाया गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हाई कोर्ट और सिविल कोर्ट में सक्रिय थीं
इंदिरा लक्ष्मी पटना हाई कोर्ट के साथ-साथ सिविल कोर्ट में भी नियमित रूप से वकालत करती थीं। कानूनी क्षेत्र में उनकी सक्रियता और पहचान थी। जानकारी के अनुसार, उनके पति रांची में रहते हैं, जबकि वह पटना स्थित आवास में अकेले रह रही थीं। ऐसे में घर के अंदर इस तरह शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
एफएसएल टीम जुटी साक्ष्य एकत्र करने में
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से जरूरी सबूत इकट्ठा कर रही है। पुलिस यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा था, आत्महत्या या फिर किसी साजिश का नतीजा। फिलहाल पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और विस्तृत जांच जारी है। आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।