Edited By Rohini Oberoi,Updated: 22 May, 2026 04:01 PM

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर आज तड़के स्लीपर बस के डंपर से टकराने के बाद लगी आग में झुलस कर बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मटसेना क्षेत्र में...
Agra-Lucknow Expressway Accident : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर आज तड़के स्लीपर बस के डंपर से टकराने के बाद लगी आग में झुलस कर बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मटसेना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 46 के निकट बालू से भरा डंपर पहले से डिवाइडर से टकराकर खड़ा था।
इसी दौरान कानपुर से गुरुग्राम जा रही डबल डेकर स्लीपर बस संख्या पीछे से डंपर में जा घुसी। टक्कर के तुरंत बाद बस में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। बस में आग लगते ही चीख-पुकार मच गई और यात्री जान बचाने के लिए खिड़कियों तथा दरवाजों से कूदने लगे। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, यूपीडा टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। पुलिस और राहत टीमों ने बस से यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
यह भी पढ़ें: शातिर फर्जी 'Rapido Rider', सस्ते किराये का झांसा देकर यात्रियों को बाइक पर बिठाता फिर सुनसान जगहों पर...
बाद में एसपी सिटी, सीओ शिकोहाबाद तथा कई थानों की पुलिस फोर्स और जिले की पांच दमकल गाड़यिां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में बस चालक शिवराज सिंह उर्फ शंभू निवासी कानपुर स्टेरिंग में फंस जाने के कारण बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए। वहीं कानपुर देहात निवासी घायल महिला यात्री दयाश्री (50) की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से फतेहाबाद सरकारी अस्पताल तथा गंभीर रूप से घायलों को मेडिकल कॉलेज ट्रामा सेंटर फिरोजाबाद में भर्ती कराया गया है। बस में करीब 40 यात्री सवार बताए गए हैं। बस के कंडक्टर सुंदरलाल निवासी जालौन सहित कई यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमाटर्म के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।